कुल्लू टूडे
मणिकर्ण
हिमाचल प्रदेश के शांतिपूर्ण पर्यटन स्थल कसोल में एक और शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां पंजाब से आए कुछ नशे में धुत पर्यटकों ने होटल कमल पैलेस के संचालक देव के साथ मारपीट की और होटल में तोड़फोड़ मचाई।
यह घटना बीती रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है, जब कुछ बाहरी पर्यटक होटल में जबरन घुस आए और खाना मांगने लगे।
बतौर होटल मालिक देव ने उन्हें बताया कि होटल का किचन बंद हो चुका है और अब खाना उपलब्ध नहीं है।
लेकिन नशे में धुत इन पर्यटकों ने जबरदस्ती करनी शुरू कर दी और जोर-जबरदस्ती से खाना देने को कहने लगे।
होटल के मालिक देव ने बताया कि उन्होंने विनम्रता से समझाने की कोशिश की, तो ये हमलावर उग्र हो गए और उनके साथ हाथापाई करने लगे।
इतना ही नहीं इन लोगों ने होटल में जमकर तोड़फोड़ भी की, जिससे संपत्ति को भारी नुकसान हुआ है ।
घटना की सूचना मिलते ही डुंखरा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और इन हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया है । होटल मालिक का मेडिकल करवाया जा रहा है।
पुलिस की गिरफ्त में आए पंजाब के पर्यटकों का भी मेडिकल करवाया जाएगा। उसी के बाद स्पष्ट हो पाएगा कि पर्यटकों ने किस चीज का नशा किया हुआ था ।
20 से 22 साल के हैं पर्यटक
गिरफ्तार पंजाब से आए पांचों पर्यटक 20 से 20 साल की उम्र के है व अपनी कार में मनाली घूमने आए थे। पिछले कल शाम ही कसोल पहुंचे थे।
