कुल्लू टूडे
कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के इंदौरा की सीरत पंचायत के सचिव को विजिलेंस की टीम ने जन्मप्रमाण पत्र बनाने की एबज में 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
गौरतलब है कि अभी एक दिन पहले ही विजिलेंस ने रास्ता बनाने की एवज में पांच हजार की रिश्वत लेते कांगड़ा जिला की सुरानी पंचायत के सचिव को गिरफ्तार किया था।
वहीं दूसरे दिन ही विजिलेंस ने जन्म प्रमाणपत्र देने की एवज में 6 हजार की रिश्वत लेते हुए कांगड़ा जिला के इंदौरा की सीरत पंचायत के सचिव को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
विजिलेंस ने शिकायत के आधार पर जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ विजिलेंस पुलिस थाना धर्मशाला में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार विजिलेंस को सीरत पंचायत के साहिल ने शिकायत में बताया कि उसने अपनी बहनों के आधार कार्ड में जन्म तिथि ठीक करवानी थी।
इसके लिए पंचायत सचिव प्रताप चंद से पंचायत रिकॉर्ड से जन्म प्रमाणपत्र मांगा था। सचिव ने जन्म प्रमाणपत्र देने के एवज में 6 हजार रुपये रिश्वत की मांगी।
जिस पर विजिलेंस ने शिकायत की सत्यता को जांचने के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
बीते दिन वीरवार को पंचायत सचिव प्रताप चंद ने ज्यों ही शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि ली, उसी वक्त विजिलेंस टीम ने उसे धर दबोचा।
मामले की जानकारी देते हुए विजिलेंस के एसपी बलवीर सिंह ने बताया कि पंचायत सचिव को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज करके उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
