कुल्लू टूडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
स्वामी विवेकानंद राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय घुमारवीं में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इस भव्य कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर नियोजन आवास और तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी रहे। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश राणा ने की। समारोह का प्रारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ।
इसके बाद डॉ. राकेश राणा ने महाविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की जिसमें विद्यार्थियों की शैक्षिक, खेलकूद और सांस्कृतिक उपलब्धियों का उल्लेख किया गया।
मुख्य अतिथि राजेश धर्माणी ने मेधावी छात्रों और वर्षभर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को आत्म-अवलोकन करने और अपनी कमियों को सुधारने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने एआई टूल्स का प्रयोग और ऑनलाइन मेंटरिंग के माध्यम से मार्गदर्शन लेने की सलाह दी।
मंत्री धर्माणी ने सुखाश्रय योजना और इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी और स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में झंडूता निवासी और तीन बार के ओलंपियन 93 वर्षीय कैप्टन अनंत राम जी का भी सम्मान हुआ। उन्होंने छात्रों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन जीने का संदेश दिया।
समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें दर्शकों ने बहुत सराहा। अंत में मुख्य अतिथि ने सभी विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य की ओर मेहनत और समर्पण के साथ बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
