कुल्लू टूडे
शिमला
हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के उपमंडल ठियोग में दुष्कर्म से पीड़ित एक ने अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया है। प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा दोनों अस्पताल में भर्ती हैं।
बच्ची को जन्म देने वाली युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी मां ने पिता की मृत्यु के बाद बचपन से ही उसे उसकी दादी के पास छोड़ दिया था। दादी की भी एक साल पहले मृत्यु हो गई थी।
कुछ दिन पहले पीडि़ता के पेट में दर्द हुआ था। 28 नवंबर को जब वह अपनी एक रिश्तेदार के घर में थी, तो रात को उसकी हालत खराब हो गई और प्रसव पीड़ा होने पर उसे 108 एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया।
जहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया। पीडि़ता द्वारा दी गई शिकायत के मुताबिक नौ माह पहले एक अज्ञात शख्स बहला-फुसलाकर उसे चियोग के जंगल में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीडि़ता का आरोप है कि आरोपी उसका परिचित नहीं है, लेकिन सामने आने पर वह उसे पहचान लेगी। पीडि़ता ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
