Spread the love

कुल्लू टूडे

कुल्लू

राष्ट्रीय राजमार्ग 3 में जिया से रामशिला के बीच हो रहे भूस्खलन से कई लोगों के घर उजड़ गए हैं।

देवधार गांव में भूस्खलन का क्रम नहीं रुक रहा है। ऐसे में अब यहां के बाशिंदे चिंतित हो गए हैं। सरकार व प्रशासन से ग्रामीणों ने समस्या का समाधान करने के लिए आग्रह किया लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।

सोमवार को ग्राम पंचायत न्योली और महिला मंडल देवधार का एक प्रतिनिधि मंडल उपायुक्त से समस्या को लेकर मिला।

ग्रामीणों ने बताया कि देवधार में लगातार भूस्खलन का क्रम जारी है। भूस्खलन के कारण आधा दर्जन घर तबाह हो गए हैं। लोग टीन के शेड में रह रहे हैं।जबकि अन्य घरों पर भी खतरा बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि अगर समय रहते यहां पर भूस्खलन रोकने के प्रयास नहीं किए गए तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

ग्राम पंचायत न्योली के बीडीसी सदस्य विशाल महंत ने कहा कि प्रशासन को इस संबंध में कई बार सूचित किया गया।

लेकिन अभी तक प्रशासन एनएचएआई की ओर से समस्या पर कोई गौर नहीं किया है। अगर प्रशासन का यही रवैया रहा तो ग्रामीणों के साथ मिलकर चक्का जाम किया जाएगा।

वहीं उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने आश्वासन दिया है कि इस संबंध में एनएचएआई के अधिकारियों को विशेष दिशा निर्देश दिए जाएंगे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!