Spread the love

कुल्लू टूडे

चंबा

उपायुक्त चंबा डीसी राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 वर्ष से 18 वर्ष तक की आयु के किशोरों को 3 जनवरी से ज़िला में कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगाने के लिए टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा।

टीकाकरण सत्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान और बहु तकनीकी शिक्षण संस्थान में आयोजित किए जाएंगे।

उपायुक्त ने यह भी बताया कि टीकाकरण अभियान के सफल कार्यान्वयन को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी और उप निदेशक उच्च शिक्षा को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।

किशोरों का टीकाकरण संबंधित शिक्षण संस्थान में ही किया जाएगा इसके लिए आधार कार्ड की प्रति या स्कूल द्वारा जारी पहचान पत्र भी मान्य होगा । इसके साथ उन्हें अपना या अभिभावकों का मोबाइल नंबर उपलब्ध करवाना अनिवार्य होगा।

राणा ने बताया कि 15 वर्ष से 18 वर्ष तक की आयु के नहीं पढ़ने वाले अथवा स्कूल या शिक्षण संस्थान छोड़ चुके किशोरों का टीकाकरण भी नजदीकी शिक्षण संस्थान में ही किया जाएगा। इसके अलावा सर्दियों की छुट्टियों वाले स्कूलों में भी टीकाकरण सत्र आयोजित होंगे।

विभिन्न शिक्षण संस्थानों में आवश्यक व्यवस्था को सुनिश्चित बनाने के लिए उपायुक्त ने बताया कि संबंधित स्कूल अथवा शिक्षण संस्थान के प्रभारियों को नोडल अधिकारी के तौर नियुक्त किया गया है । ज़िला में किशोरों को को-वैक्सीन की डोज लगाई जाएगी।

डीसी राणा ने यह भी बताया कि स्वास्थ्य विभाग को अग्रिम तौर पर टीकाकरण सत्र आयोजित करने को लेकर जल्द कार्य योजना को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए हैं ।

उपायुक्त ने सभी अभिभावकों से आह्वान किया है कि वे बच्चों को टीकाकरण के लिए प्रोत्साहन दें और बच्चों का टीकाकरण भी सुनिश्चित करें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!