Spread the love

कुल्लू टुडे

केलांग

स्वच्छता के प्रति जन जागरूकता पैदा करने के मकसद से देश में स्वच्छता अभियान चल रहा है। विशेषकर पर्यटक स्थलों पर साफ- सफाई की अक्सर जरूरत महसूस की जाती है।

रोहतांग दर्रे के नीचे निर्मित अटल टनल खुलने के बाद बीते कुछ समय से लाहौल- स्पीति में पर्यटकों की आमद बहुत ज्यादा बढ़ी है। पर्यटन की इन बढ़ती गतिविधियों के साथ लाहौल- स्पीति के परिवेश और पर्यावरण को साफ- सुथरा रखने की सोच के साथ लाहौल- स्पीति जिला प्रशासन ने नया कदम उठाया है।

उपायुक्त लाहौल- स्पीति नीरज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अब अटल टनल के माध्यम से लाहौल-स्पीति में प्रवेश करने वाले पर्यटकों को जूट के बैग दिए जाने की योजना को मूर्त रूप दिया जा रहा है।

बैग देने के साथ- साथ उन्हें स्वच्छता के बारे में जागरूक भी किया जाएगा ताकि पूरे भम्रण के दौरान उनके द्वारा उपयोग में लाए गए खाद्य पदार्थों के रैपर, प्लास्टिक की बोतलों इत्यादि को वे इस बैग में एकत्रित करके रखें। वापसी यात्रा के समय बैग को नॉर्थ पोर्टल पर स्थापित कलेक्शन सैंटर पर लिया जाएगा। पर्यटकों से एकत्रित किए गए इस कचरे को बाद में निस्तारण के लिए भेज दिया जाएगा।

नीरज कुमार ने बताया कि टनल बनने के बाद जिले में पर्यटकों की तादाद काफी बढ़ती जा रही है। पर्यटकों द्वारा कूड़ा खुले में या सड़क किनारे फैंक दिया जाता है। जिले को स्वच्छ व सुदंर बनाने के लिए प्रशासन ने जूट के बैग देने का फैसला किया है। फिलहाल 10 हजार जूट के बैग बनाने का आर्डर दिया है। जल्द ही ये सुविधा शुरू की जा रही है। पर्यटकों से अपील है कि लाहौल- स्पीति के पर्यटक स्थलों को स्वच्छ और सुदंर बनाने में अपनी भूमिका अवश्य निभाएं।

नॉर्थ पोर्टल पर बनेगा कलेक्शन सैंटर

जिला प्रशासन ने तय किया है कि अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल पर एक गारबेज कलेक्शन सैंटर बनाया जाएगा। यहां पर ही एन्ट्री के वक्त जूट के बैग वितरित किए जाएंगे। उनसे अपील भी की जाएगी कि खुले में कूड़ा न फैंके और वापसी में गारबेज कलेक्शन सैंटर पर बैग जमा करवाएं।

10 हजार बैग बनाने का दिया आर्डर

जिला प्रशासन ने 10 हजार जूट के बैग बनाने का आर्डर दिया है। आगामी कुछ दिनों में ये बैग बनकर तैयार हो जाएंगे। जैसे ही बैग प्रशासन के पास पहुंचेंगे इनके वितरण की सुविधा भी शुरू कर दी जाएगी।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!