Spread the love

कुल्लू टुडे

भोरंज, हमीरपुर

स्थानीय विधायक एवं हिमाचल प्रदेश विधानसभा में उप मुख्य सचेतक कमलेश कुमारी ने कहा है कि गरीबों और समाज के अन्य सभी कमजोर वर्गों के उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए प्रदेश और केंद्र सरकार ने कई कल्याणकारी योजनाएं आरंभ की हैं। इन कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ समाज के गरीब, कमजोर एवं पिछड़े वर्गों तक पहुंचाया जा रहा है।

मंगलवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से भोरंज के मिनी सचिवालय में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम पर आयोजित एक जागरुकता शिविर की अध्यक्षता करते हुए कमलेश कुमारी ने कहा कि देश और प्रदेश की सरकार गरीब, कमजोर और पिछड़े वर्गों के लिए बहुत बड़ा सहारा बनी है। इन वर्गों के लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।

कमलेश कुमारी ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि वे सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि सभी पात्र लोग इनका भरपूर लाभ उठा सकें। शिविर के दौरान कमलेश कुमारी ने स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत 17 लोगों को गृह निर्माण अनुदान राशि के चेक वितरित किए। उन्होंने अनुवर्ती कार्यक्रम योजना के 35 लाभार्थियों को सिलाई मशीनें भी प्रदान कीं।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और शिविर के प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए जिला कल्याण अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा ने कहा कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम में विशेष प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने इस अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी भी दी। अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभाग की योजनाओं से अवगत करवाया।

Leave a Reply

error: Content is protected !!