कुल्लू टूडे
किन्नौर
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर के नाथपा खास में तीन कमरों मकान में लगी आग में नेपाल मूल के दो लोग जिंदा जल गए।
डीएसपी भावानगर नरेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि अगर ग्रामीण समय पर आग पर काबू नहीं पाते, तो पूरा नाथपा गांव आग की चपेट में आ जाता।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की चौकसी और सजगता से ही इस बड़े हादसे को टाला जा सका।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब आठ बजे निचार खंड के नाथपा खास गांव में दोफली नंद के घर में अचानक आग लग गई।
लकड़ी से बने इस घर में तीन कमरे थे, जो देखते ही देखते आग की भेंट चढ़ गए।
स्थानीय ग्रामीणों को जैसे ही आग लगने का पता चला तो सभी आग बुझाने में जुट गए।
ग्रामीणों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग बुझने पर ग्रामीण घर के अंदर गए तो देखा भीतर दो नेपाल मूल के लोग जिंदा जले हुए थे।
इस आगाजनी में 45 वर्षीय मनोरंजन और 42 वर्षीय नंद लाल की मौत हो गई। दोनों मजदूरी करते थे और दोफली नंद के घर में पिछले दो माह से रह रहे थे।
डीएसपी नरेश शर्मा और भावानगर की एसडीएम बिमला वर्मा ने आज मौके का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि इस घटना में करीब 15 लाख के नुकसान का आकलन किया गया है।
पुलिस ने फॉरेंसिक जांच के लिए शव इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला भेज दिए हैं।
पुलिस छानबीन में जुटी हुई है। ताकि आग लगने के कारणों का पता चल सके।
