कुल्लू टूडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के जिला अध्यक्ष नरवीर सिंह ठाकुर ने प्रैस को जारी बयान में आरोप लगाया है कि एचआरटीसी द्वारा सवारियों से मनमाना किराया वसूल किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की दिल्ली मनाली रूट पर चलने वाली बस के परिचालक द्वारा 14 जनवरी को दो महिला सवारियों को टिकट जारी की गई है, जिसमें एक सवारी बिटिया माइनर है और उसकी आधी टिकट बनती है। लेकिन टिकट में पूरे पैसे काटे गए।
उन्होंने कहा कि यह बस नवनिर्मित किरतपुर नेरचैक फोरलेन वाले रास्ते से चलकर गई थी और यह टिकट टाली जकातखाना फ्लाई ओवर से नौणी चैक तक सफर करने पर जारी की गई है जबकि टिकट पर बनेर नामक स्टेशन से नौणी चैक तक के सफर का किराया वसूल किया गया है। जो कि तर्क संगत नहीं है।
उन्होने कहा कि बनेर स्टेशन पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग 205 पर स्थित है और यह गाड़ी उक्त रास्ते से होकर गुजरती ही नहीं है तो फिर गलत तरीके से किराया क्यों वसूला गया है।
यह एचआरटीसी परिचालक की सरासर गलत और गैर कानूनी हरकत है, जिस पर कार्यवाही होना जरूरी है।
नरवीर ठाकुर ने कहा कि महिला सवारी के पास ग्रीन कार्ड भी मौजूद था, बावजूद इसके 45 रुपए किराया जकातखाना से नौणी चैक तक वसूला गया।
इस दूरी का नॉर्मल किराया 20 रुपए बनता है और ग्रीन कार्ड के तहत 18 रुपए किराया बनता है और उक्त स्टेशंस के बीच की दूरी मात्र 8 से 9 किलोमीटर बनती है।
नरवीर ठाकुर ने कहा कि जिस स्टेशन से किराया वसूला गया है, वहां से होकर गाड़ी गई ही नहीं है तो फिर किराया गलत तरीके से क्यों वसूला गया है।
ठाकुर ने बताया कि इस बारे में एचआरटीसी प्रबंधन को लिखित शिकायत दर्ज करवाई गई है और न्याय की गुहार लगाई है ताकि आम जनता के साथ लूटपाट न हो पाए।
उन्होने एचआरटीसी प्रबंधन से मांग की है कि उक्त बस परिचालक के खिलाफ गलत तरीके से अधिक किराया वसूलने पर उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
