कुल्लू टूडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
समाज की सेवा में सदैव तत्पर रहने वाली अर्धनारेश्वर समाज सेवा समिति के बैनर तले शुक्रवार को झंडूता में नशे के खिलाफ विशाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
अर्धनारेश्वर समाज सेवा समिति की अध्यक्षा बिजली महंत की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में आसपास की पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान, पुलिस कर्मी तथा समाजसेवी और बुद्धिजीवियों ने भाग लिया। संस्था द्वारा सभी गणमान्य लोगों को टोपी व हार पहनाकर स्वागत किया।
इस मौके पर अर्धनारेश्वर समाज सेवा समिति द्वारा झंडूता बाजार में नशे के खिलाफ जागरूकता रैली भी निकाली गई।
इस दौरान बिना हेलमेट से वाहन चलाने वाले चालकों को सुरक्षा की नसीहत देते हुए निशुल्क हेलमेट प्रदान किए गए।
जबकि जिन लोगों ने हेलमेट पहने थे और सीट बेल्ट लगाकर गाड़ी चला रहे थे, को फूल देकर सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर अर्धनारेश्वर समाज सेवा समिति की प्रधान बिजली महंत ने कहा कि जानलेवा चिट्टा नशा गांव गांव तक पहुंच चुका है। युवा पीढ़ी इस नशे का शिकार होकर अपनी जान गंवा रही है। कई युवा मौत के मुहाने पर खड़े हैं।
हालात दिन प्रतिदिन बद से बदतर होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस और सरकार नशे के मिटाने के लिए अपना काम कर रहे हैं। लेकिन इसके लिए समाज को जागरूक होना पड़ेगा।
समाज और पुलिस यदि पररस्पर सहयोग से काम करें तो चिट्टा नामक नशे पर रोकथाम लगाई जा सकती है।
झंडूता पंचायत के प्रधान सत्या देवी, उपप्रधान राकेश चंदेल तथा ग्राम पंचायत औहर के उपप्रधान रणजीत वर्धन ने अर्धनारेश्वर समाज सेवा समिति के इस प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गोें को नशे के खिलाफ एकजुट होना होगा।
वहीं रोहल पंचायत के प्रधान राज कुमार, बैहना ब्राहम्णा के प्रधान राजेंद्र ठाकुर, उपप्रधान इंद्र सिंह, बलघाड़ पंचायत के उपप्रधान अजय कुमार, व्यापार मंडल झंडूता के प्रधान प्रशांत शर्मा व पूर्व प्रधान देवी सिंह ने बिजली मंहत के इस प्रयास को समाज हित में करार देते हुए पूरा सहयोग किया तथा आश्वस्त किया कि चिट्टे रूपी नशे को जड़ से उखाड़ने के लिए वे सदैव उनका साथ देंगे।
इन प्रतिनिधियों ने कहा कि समाज सेविका बिजली महंत समाज के उत्थान के लिए दिन रात प्रयासरत है।
नशे को समाप्त करने के लिए अर्धनारेश्वर समाज सेवा समिति की मुहिम एक दिन अवश्य कामयाब होगी।
वहीं संस्था द्वारा सभी लोगों के लिए जलपान, काॅफी व फल आदि की व्यवस्था भी की गई थी।
गौरतलब है कि बिजली महंत बिलासपुर जिला ही नहीं बल्कि साथ लगते जिलों में भी अपने समाज सेवा के कार्यक्रम को निर्विघ्न रूप से चलाए हुए हैं।
निर्धन परिवार के बच्चों को शिक्षा के लिए मदद करना, कन्याओं की शादी व अन्य कार्यक्रमों में सहयोग करना आदि में सबसे आगे आकर सहयोग करती हैं।
इस अवसर पर अर्धनारेश्वर समाज सेवा समिति के पदाधिकारियों में पवन कुमार, तनुज सोनी, राकेश चौधरी, सुमन, रणजीत ठाकुर, रतनी देवी, सन्नी चैधरी, तनु, कोमल महंत, गगन महंत, मनोहर लाल आदि मौजूद रहे।
