Spread the love
  1. कुल्लू टूडे

हमीरपुर

जिला हमीरपुर के तहत आने वाले सुजानपुर के निकट पलाही में मैहली खड्ड पर बने पुल के आस-पास भारी मात्रा में जमा हुए लगभग 3.83 लाख मीट्रिक टन पत्थरों, रेत और बजरी को खुली बोली के माध्यम से नीलाम किया जाएगा।

एडीसी मनेश यादव ने बताया कि इसकी नीलामी प्रक्रिया 13 दिसंबर को सुबह 11 बजे एसडीएम कार्यालय सुजानपुर में शुरू होगी।

उन्होंने बताया कि यह नीलामी केवल पुल से 250 मीटर नीचे तक और पुल से 350 मीटर ऊपर तक के क्षेत्र में जमा पत्थरों, रेत और बजरी की होगी। इसके अलावा दोनों तरफ 10-10 मीटर का क्षेत्र भी छोड़ दिया जाएगा।

एडीसी ने कहा कि इच्छुक व्यक्ति 13 दिसंबर को सुबह 11 बजे एसडीएम कार्यालय सुजानपुर में नीलामी में भाग ले सकते हैं।

उपायुक्त जिला हमीरपुर की वैबसाइट पर भी इसकी जानकारी उपलब्ध करवा दी गई है। चयनित उच्चतम बोलीदाता से नीलामी राशि 3 बराबर किस्तों में वसूल की जाएगी।

पहली किस्त नीलामी के समय और अन्य दो किस्तें दो-दो माह के अंतराल में जमा करवानी होगी। नीलामी की अन्य शर्तें मौके पर ही पढ़कर सुनाई जाएंगी।

बोलीदाता को बोली से पूर्व 15 हजार रुपये की धरोहर राशि जमा करवानी होगी जो कि नीलामी प्रक्रिया समाप्त होने के उपरांत वापस कर दी जाएगी। बोलीदाता के पास अपना पैन कार्ड और आधार कार्ड होना चाहिए।

अधिक जानकारी के लिए खनि अधिकारी कार्यालय हमीरपुर में या दूरभाष नंबर 01972221520 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!