कुल्लू टुडे
कुल्लू
एक घंटे का पैदल सफर करके मलाणा गांव पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जहां आग प्रभावितों परिवारों को सांत्वना दी वहीं उन्होंने मलाणा वासियों की तकलिफों को समझते हुये अधिकारियों को सड़क निर्माण के आदेश दिये।
लेकिन इससे पहले उन्होंने गांव तक जीप योग्य मार्ग तैयार करने के निर्देश दिये और उसके लिये एक करोड़ धन राशि देने का भी ऐलान किया। जबकि अग्निकांड प्रभावित परिवारोें को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाने के लिये मदद देने का भी ऐलान किया।
शुक्रवार को मलाणा पहुंचे प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुये कहा कि वह यहां के लोगों की पीठ का बोझ उतारना चाहते हैं। इस लिये गांव को जोड़़ने वाली सड़क का तीन किमी का हिस्सा छः माह में तैयार हो जाना चाहिये। कहा है कि 6 महीने के बाद मैं फिर इस गांव में आऊंगा तब तक सड़क तैयार हो जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि गांव से मरीज को सड़क तक पहुंचाने और कोई सामान सड़क से गांव और गांव से सड़क तक पहुंचाने में लोगों को भारी परेशानी होती है। इस गांव के लिए एक वैकल्पिक जीप मार्ग किया जायेगा।
मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत बसेंगे उजड़े आशियाने
अग्निकांड प्रभावितों के लिए उन्होंने इस घोषणा करते हुए कहा कि उनके मकान मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत बनेंगे। उन्होंने कहा कि यहां 36 परिवार प्रभावित हुए हैं उन सभी के घर मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत बनेंगे और प्रत्येक प्रभावित को इसमें डेढ़ लाख रुपया दिया जाएगा।
इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री ऐच्छिक निधि से प्रत्येक परिवार को 25-25 हजार देने की भी घोषणा की। जबकि अग्निकांड से जिन परिवारों का आंशिक नुकसान हुआ है, उन्हें 10-10 देने का भी ऐलान किया है।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा गांव में मनरेगा के तहत हर प्रभावित परिवार के मकान बनाने के लिए 40000 तक की मदद की जाएगी। ताकि मकान बनाने में किसी तरह की परेशानी सामने न आए। इस मौके पर उन्होंने प्रभावित परिवारों के लिए यह भी घोषणा की है कि मकान बनाने के लिए लकड़ी वन निगम की तरफ से दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि हर परिवार को 70 स्लीपर दिये जायेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मलाणा स्थित मां रेणुका के किचन शैड के लिए दो लाख देने की घोषणा की और इस दौरान अगर निर्माण में पैसे की कमी आड़े आई तो और भी दिए जाएंगे।
मलाणा का स्कूल हुआ पदोन्नत
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि मलाणा का जो वर्तमान में हाई स्कूल है उसे स्थानीय लोगों की मांग पर स्तरोन्नत करते हुये जमा दो करने की घोषणा की। ताकि मलाणा के बच्चों को पढ़ाई के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को स्कूल जरूर भेजें और उन्हें पढ़ाने में कोई कोर कसर ना छोड़ें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव में 35 लाख की लागत से पेयजल की बेहतर सुविधा मुहैया करवाई गई है और सिंचाई के लिये भी याजना तैयार की जायेगी। कहा कि अगर देवता जमदग्नि व लोगों की सहमति हो तो सरकार गांव के इस देव प्रांगण को पक्का करते हुये और बेहतर बनाना चाहती है। ताकि लोगों को देवकारज व उठने बैठने की साफ सुथरी जगह मिल सके।
इस मौके पर उनके साथ मंत्री गोविंद ठाकुर, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, उपायुक्त आशुतोष गर्ग, भाजपा नेता अमित सूद सहित अनेक अधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद थे।

