कुल्लू टुडे
शिमला
लगातार बढ़ रहे साइबर ठगी के मामलों को हल करने में जहां हिमाचल पुलिस मुस्तैदी से काम रही है वहीं प्रदेश में रोजाना पढ़े लिखे लोग साइबर ठगी का शिकार होते जा रहे हैं। हालांकि पुलिस लगातार लोगों को जागरूक करने भरसक प्रयास करती आ रही है।
लेकिन इसके बावजूद भी लोगा साइबर ठगों का शिकार होते जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला शिमला पुलिस ने हल किया है। जिसमें पुलिस ने साइबर सेल के सहयोग से 12 लाख रुपये की ठगी के आरोप में 29 वर्षीय पंकज दास को कोलकाता से गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी ने अपने सहयोगियों के साथ अतिरिक्त उपायुक्त शिमला के कार्यालय में तैनात चौकीदार को ठगी का शिकार बनाया था। चौकीदार जगत राम निवासी सुई सोराधार जिला बिलासपुर ने सदर पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उससे राहुल, राजीव और दीप रॉय ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर 12 लाख रुपए ठगे हैं।
एफआईआर दर्ज होने के बाद एएसआई प्रकाश ने साइबर सेल के हेड कॉन्स्टेबल संजय कुमार के साथ मिलकर मामले की छानबीन की। जिस पर पुलिस ने आर/01, साइंस सिटी धापा रोड़ प्रगति मैदान कोलकाता निवासी पंकज दास को इस मामले में गिरफ्तार किया है।
पुलिस आरोपी को अपने साथ शिमला लाई है। जहां पुलिस अब इससे पूछताछ करेगी और इसके जरिए मामले में संलिप्त अन्य लोगों को भी पकड़ने का प्रयास किया जाएगा। माना जा रहा है कि पूछताछ में उसके द्वारा ठगी के और मामलों का भी खुलासा हो सकता है।
