Spread the love

कुल्लू टुडे
कुल्लू


जिला मुख्यालय के साथ सटे दोहरानाला में स्थित हिमाचल ग्रामीण बैंक की शाखा में उपभोक्ताओं के खाते से लाखों रुपये उड़ाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि उपभोक्ताओं के खातों से पैसे उड़ाये जाने का यह मामला एक करोड़ से ऊपर जा सकता है।

बैक खातों से पैसे उड़ाये जाने की भनक लगते ही बैक उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है और उपभोक्ता अपनी पासबुक को अपडेट करवाने व अपने खातों की जांच करने को बैंक पहुंचने लगे हैं। वहीं पुलिस ने बैंक प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया है।

भुंतर थाने के एसएचओ सुनील कुमार सांख्यान ने बताया कि प्रारंभ में इस मामले की एफआईआर भुंतर थाने में दर्ज हुई। लेकिन दोहरानाला क्षेत्र कुल्लू थाने के अधिकार क्षेत्र मेें आने के कारण मामला कुल्लू थाने को भेज दिया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभ में बैंक के चार उपभोक्ताओं ने इसकी शिकायत थाना भुंतर में दर्ज करवाई। पुलिस ने भी अपने स्तर पर जांच शुरू की तो मामला काफी गंभीर निकला।

जबकि चोरग्रां निवासी धर्मचंद द्वारा दी गई शिकायत के मुताबिक उनके खाता नंबर 8833010002692 व 88338800007177 से आठ लाख रुपये निकाले गए हैं। उनकी दोहरानाला बैंक शाखा में चार लाख की केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड लिमिट) है। खाते में चार लाख रुपये थे। धर्मचंद पैसे निकालने गया तो खाता खाली था।

बचत खाते में पांच लाख 92 हजार रुपये थे। 21 सितंबर को 40 हजार रुपये निकाले थे। सात अक्टूबर को चार लाख रुपये खाते से निकाल लिए गए। खाते में अब एक लाख 92 हजार रुपये ही बचे हैं। उनके दोनों खातों से करीब आठ लाख रुपये निकाले गए हैं। इसी तरह से दोहरानाला के राजू लाला के खाते से भी सात लाख 80 हजार रुपये निकाले गए हैं। इसके अलावा शेर सिंह के खाते सेे 45 हजार रुपये और हीरा सिंह शपाका के खाते से अढ़ाई लाख रुपये निकाले गये हैं।

सुनील सांख्यान के मुताबिक पिछले दिन बैंक के आठ उपभोक्ता अपने खाते से पैसे निकाले जाने की शिकायत लेकर भुंतर थाने पहुंचे थे। अभी तक लगभग 35 लाख 75 हजार उपभोक्ताओं के खातों से उड़ाये जाने की जानकारी मिली है।

माना जा रहा है यह मामला एक करोड़ से ऊपर पहुंच सकता है। इस सारे मामले में बैंक प्रबंधक प्रसूनदीप अत्री की संलिप्तता पाई गई है। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं यह भी जानकारी मिली है कि ग्रामीण बैंक प्रबंधन ने भी बैंक की दोहरानाला शाखा के प्रबंधक के खिलाफ जांच बिठा दी है।

उधर एसपी कुल्लू गुरदेव शर्मा ने बताया कि बैंक प्रबंधक को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया जा रहा है। उसके बाद उससे पूछताछ की जायेगी, उसके बाद ही मामले का पूरा खुलासा हो पायेगा। उन्होंने बताया कि अभी तक बैंक उपभोक्ताओं के खाते से 35 लाख 75 हजार की गड़बड़ी सामने आई है। लेकिन इससे आगे मामला कहां तक पहुंचता है यह जांच का विषय है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!