हार को प्रतिष्ठा का सवाल न बनाएं सीएम, सत्ता का गरूर छोड़ प्रदेश के सर्वांगीण विकास को दें तरजीहः विक्रमादित्य सिंह
कुल्लू टुडे
कुल्लू
मंडी लोकसभा क्षेत्र के लोगों ने कांग्रेस पार्टी की उम्मीदवार प्रतिभा सिंह को जनादेश देकर संसद में भेजा है इसके लिए इस क्षेत्र के लोेगों का आभार और मुख्यमंत्री अपनी इस हार को प्रतिष्ठा का सवाल न बनाएं। यह बात कुल्लू के ढालपुर में आभार जनसभा को संबोधित करते हुए शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कही।
उन्होंने प्रदेश भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार महंगाई पर अंकुश नहीं लगा पाई है और लोगों की समस्याओं को हल करवाने में नाकाम रही है। जिसके चलते मंडी लोकसभा ही नहीं फतेहपुर, अर्की, जुबल कोटखाई में भी कांग्रेस पार्टी को जनादेश मिला है।
उन्होंने कांग्रेस पार्टी के लोगों से अपील करते हुए कहा कि जीत को विधानसभा चुनाव 2022 की शुरूआत मानें और आने वाले विस चुनावों के लिए अभी से कमर कस लें। उन्होंने प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अब उनके पास सिर्फ 5-6 महीने का कार्यकाल बचा है उसमें प्रदेश की जनता के हित के लिए काम करें। महंगाई पर रोक लगाएं, कर्मचारियों, होटलियर्स, टैक्सी कोरोवारियों की समस्याओं का भी प्राथमिकता से निदान करें।
विक्रमादित्य सिंह ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि वह सत्ता का गरूर छोड़कर जनता की समस्याओं को हल करने व प्रदेश के सर्वांगीण विकास को तरजीह दें, ताकि लोगों की समस्याएं हल हो सकें।
कहा कि विधानसभा में कांग्रेस द्वारा प्रदेश सरकार को विकासात्मक मसलों पर राजनीति से उपर उठकर सहयोग दिया जाएगा। ताकि पूरे हिमाचल प्रदेश के विकास को गति मिल सके। उन्होंने कहा कि अब प्रतिभा सिंह मंडी लोस क्षेत्र से सांसद बनी है। ऐसे में प्रदेश सरकार टांग खींचने का काम न करके मिलकर प्रदेश का विकास करने में योगदान दें।
उन्होंने दशहरा उत्सव के दौरान आए देवी देवताओं को अतिशीघ्र नजराना दिए जाने का मसला उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने देव समाज के साथ भी राजनीति करते हुए दशहरा उत्सव के दौरान आने वाले देवी देवताओं व बजंतरियों को नजराने व मानदेय से वंचित रखा।
लेकिन जब कांग्रेस ने चुनाव के दौरान इस मसले को प्रमुख्ता से उठाया, तो सरकार को आनन फानन में नजराना देने की घोषणा करनी पड़ी। लेकिन उस पर अभी तक अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। उन्होंने सरकार को चेताया कि वह जल्द नजराने का भुगतान करे अन्यथा इसके गंभीर परिणाम भुगतने पडे़ंगे।
क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को दी जाएगी प्राथमिकताएंः प्रतिभा सिंह
इस मौके पर नवनिर्वाचित सांसद प्रतिभा ंिसह ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र में विकास कार्यों को तरजीह दी जाएगी और यहां की समस्याओं को केंद्र में प्रमुखता से उठाया जाएगा। कहा कि भूभू टनल हो या फिर जलोड़ी टनल इन मसलों को भी प्रमुख्ता से उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पूर्व में भी मेरे सांसद रहते हुए अटल टनल रोहतांग के लिए मनमोहन सरकार ने धन का प्रावधान किया और साथ में मंडी के नैरचौक में मेडिकल कॉलेज और कमांद में आईआईटी जैसे बडे़ संस्थान भी पूर्व की कांग्रेस सरकार की देन है।
उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि वह मंडी लोकसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को नई योजनायें तैयार करके उन्हें मुर्त रूप देने का प्रयास किया जायेगा।
कुल्लू ने दिलाई बढ़त, विस चुनावों में भी रहेगी जारी
कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा है कि लोकसभा चुनावों में कुल्लू विधानसभा समेत मनाली, बंजार और आनी से अच्छी बढ़त मिली है। हमारा यह प्रयास रहेगा कि विधानसभा चुनावों में बढ़त और ज्यादा हो और 2022 के विस चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस सत्तासीन हो। ताकि प्रदेश के विकास को गति मिल सके।
इस मौके पर पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर, जिलाध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सेस राम चौधरी सहित कांग्रेस के नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे।



