Spread the love

कुल्लू टूडे

हमीरपुर

बड़सर के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा कि क्षेत्र के विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा बालक नाथ मंदिर परिसर और इसके आस-पास के क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण तथा इसमें विभिन्न सुविधाओं के विस्तार के लिए करोड़ों की धनराशि खर्च की जाएगी।

इससे यहां श्रद्धालुओं को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा स्थानीय लोगों की आमदनी में भी बढ़ोतरी होगी।

वीरवार को बाबा बालक नाथ मंदिर परिसर में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा कि दियोटसिद्ध और इसके आस-पास के क्षेत्रों के विकास के लिए एडीबी के सहयोग से एक बड़ी योजना पर कार्य किया जा रहा है। यह योजना क्षेत्र के चहुमुखी विकास में एक मील का पत्थर साबित होगी।

विधायक ने अधिकारियों से कहा कि इस पूरे इलाके में सभी आवश्यक सुविधाएं उच्च स्तर की होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यवसायियों को कोई दिक्कत न हो।

इससे पहले मंदिर परिसर में पहुंचने पर एसडीएम एवं बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास के अध्यक्ष डाॅ. रोहित शर्मा और अन्य अधिकारियों ने विधायक का स्वागत किया तथा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न सुविधाओं तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस सचिव कृष्ण चैधरी, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास के गैर सरकारी सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!