Spread the love

कुल्लू टूडे

शिमला

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में आयोजित प्रसिद्ध जादूगर सम्राट शंकर का मैजिक शो देखा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जादू की कला को संरक्षित करने और बढ़ावा देने के लिए जादूगर सम्राट शंकर की सराहना की।

उन्होंने कहा कि सम्राट शंकर ने देश-विदेश में शो आयोजित कर इस प्रसिद्ध कला का संरक्षण एवं संवर्धन सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि सम्राट शंकर विगत 50 वर्षों से अपनी कला से दर्शकों का मनोरंजन करते आ रहे हैं।

उनका शिमला से गहरा नाता है और वह यहां कई वर्षों से शो आयोजित करते आ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति की प्राचीन कला रूप में जादू के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब टेलीविजन और इंटरनेट आदि साधन उपलब्ध नहीं थे, तब मैजिक शो मनोरंजन के अभिन्न स्रोत थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैजिक शो संपूर्ण परिवार के लिए मनोरंजन का एक बेहतरीन विकल्प हैं।

जादूगर अपनी कला और हुनर के माध्यम से यह सुनिश्चित करते हैं कि परिवार एक साथ आकर मंत्रमुग्ध कर देने वाले ऐसे प्रदर्शनों का आनंद उठा सकें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, महाधिवक्ता अनूप रतन और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!