कुल्लू टूडे
बिलासपुर/कश्मीर ठाकुर
अलमाटी कजाकिस्तान में आयोजित हो रही छठी एशियन महिला क्लब लीग हैंडबॉल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए टी स्पोर्ट्स इंडिया क्लब का विजय अभियान जारी है। आज टी स्पोर्ट्स इंडिया क्लब टीम ने अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की।
टी स्पोर्ट्स इंडिया ने आज अपने तीसरे मैच में अल कुरेन कुवैत को रोमांचक मैच में 30-28 गोल से पराजित किया।
मैच की जीत में महत्वपूर्ण योगदान टीम की गोलकीपर दीक्षा ठाकुर का रहा जिन्होंने पूरे मैच में 15 गोल रोके व लास्ट के 2 मिनट में 2 शानदार पेनल्टी रोक कर टीम इंडिया की जीत सुनिश्चित की। इसके साथ ही कप्तान निधि शर्मा ने सर्वाधिक 7 गोल जबकि उप कप्तान मेनिका ने 6 गोल दाग कर टीम की जीत में अपना पूरा सहयोग दिया।
इसके अलावा भावना शर्मा ने 6, प्रियंका ठाकुर ने 5 शालिनी ने 4, मिताली शर्मा ने 2 गोल कर टीम को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया।
हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के कार्यकारी निदेशक डा.आनन्देश्वर पाण्डेय ने ये जानकारी देते हुए बताया कि टी स्पोर्ट्स इंडिया के खिलाड़ियों ने आज उल कुरेन कुवैत की टीम के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया।
इससे पूर्व टी स्पोर्ट्स इंडिया ने पहले मैच में कजाखिस्तान को 31-27 गोल से हराते हुए जीत से अपना अभियान शुरू किया है।
हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला, महासचिव के जगनमोहन राव, कोषाध्यक्ष डॉक्टर तेजराज सिंह व अन्य पदाधिकारियों, सदस्यों व हैंडबॉल खिलाड़ियों ने
डॉक्टर आनंदेश्वर पांडे, टीम के चीफ कोच सचिन चौधरी, सहायक कोच सिरिल डिसूजा, टीम मैनेजर शिवबचन प्रजापति, सहायक मैनेजर अजय जायसवाल व टीम सदस्यों को बधाई दी है व उम्मीद जताई है कि टीम स्वर्ण पदक हासिल कर देश का नाम रोशन करेगी।
वहीं मोरसिंघी हैंडबॉल नर्सरी की संचालिका व कोच स्नेहलता ने उनकी नर्सरी की खिलाड़ियों का इस चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है।
