Spread the love

कुल्लू टूडे

बिलासपुर/कश्मीर ठाकुर

बिलासपुर नगर के रौड़ा सेक्टर में स्थित जामा मस्जिद में मुस्लिम समुदाय की बैठक जामा मस्जिद कमेटी के प्रधान हारूण मोहम्मद की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

बैठक में चंबा के सलूणी में हुए जघन्य हत्याकांड की कड़ी
निंदा और भत्र्सना की गई, साथ ही सरकार से मांग की गई कि इस हत्याकांड में दोषी लोगों को फांसी पर लटकाया जाए ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनर्रावृति न हो सके।

वहीं प्रैस को जारी बयान में प्रधान हारूण मोहम्मद
ने बताया कि इस दर्दनाक घटना की जितनी निंदा की जाए कम है। पूरा मुस्लिम समुदाय इस घोर अपराध के विरूद्ध है।

उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि सता छूटने के बाद तिलमिलाए भाजपाईयों को सरकार को घेरने का मुद्दा मिल गया है।

चूंकि मामला प्रदेश की सुरक्षा और सौहार्द से जुड़ा है लिहाजा भाजपा को इस संवेदनशील मसले पर राजनीति करने से परहेज करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता सैंकड़ों किलोमीटर का सफर तय कर घटनास्थल पर इसलिए जा रहे हैं ताकि अपनी राजनीति को चमका सकें।

भाजपा मुस्लिम समुदाय या अन्य दलित समुदायों की कितनी हितैषी है यह सब जानते हैं। इसलिए भाजपा नेताओं को घड़ियाली आंसू बहाने से परहेज करना चाहिए।

हारूण मोहम्मद ने कहा कि यह देश संविधान पर चलता है। कानून इस मामले में भी अपना काम करेगा। लेकिन भाजपा नेता इसे मुद्दा बनाकर स्वयं को सुर्खियों में लाने का प्रयास कर रहे हैं।

पूर्व पार्षद जमील खान ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज को शर्मसार करती हैं।

उन्होंने मांग की है कि इस घटना की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होनी चाहिए ताकि दोषी को तुरंत फांसी हो
सके। जमील खान ने कहा कि इस संवेदनशील मसले पर उपायुक्त बिलासपुर के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को भी ज्ञापन प्रेषित किया जाएगा ताकि न्याय में देरी न हो।

बैठक बैरी दड़ोलां मत्स्य सहकारी सभा के प्रधान साबर दीन, पूर्व पार्षद वीर दीन, सेवानिवृत एसडीओ हबीब खान, गुलाम मुहययूदीन, मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष नसीम मोहम्मद, मोहम्मद रफी, असलम खान, रफीक मोहम्मद, युसूफ मोहम्मद, मुनीर अख्तर, अमीन मोहम्मद, अनीश मोहम्मद आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!