Spread the love

कुल्लू टूडे

चंबा

हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा के सलूणी उपमंडल की भांदल पंचायत में बीते दिनों बोरे में मिली 25 वर्षीय युवक की लाश का रहस्य और गहरा गया है। पुलिस को पहले ही इस मामले में प्रेम प्रसंग का शक था। लेकिन मंगलवार तक हुई 4 गिरफ्तारियों से इस पूरे मामले में नया मोड़ आ गया है।

पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया है, जो एक समुदाय विशेष से संबंधित हैं। बताया जा रहा है कि मनोहर के प्रेम प्रसंग से नाराज लड़की के परिवार ने उसे घर पर बुलाया। मारपीट कर उसकी हत्या की और फिर शव को 8 टुकड़ों में काटकर बोरे में बंद कर फेंक दिया।

जानकारी के मुताबिक पुलिस ने जिन 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें एक का नाम शब्बीर है। बताया जाता है कि वह उस लड़की का चाचा है, जिसके साथ मनोहर के प्रेम प्रसंग थे। लड़की के परिवार को मनोहर का लड़की से मिलना-जुलना पसंद नहीं था। इसी के चलते परिवार ने मनोहर को ठिकाने लगाने के लिए उसी लड़की के माध्यम से मनोहर को घर बुलाया और डंडे से पीटकर उसकी हत्या कर दी।

बर्बरता की सारी हदें पार करते हए अपना अपराध छिपाने के लिए लड़की के परिवार ने मनोहर के शव के टुकड़े किए और कुछ हिस्सों को जलाने की कोशिश भी की। उसके बाद शव को बोरे में भरकर नाले में फेंक दिया। पिछले दिनों जब स्थानीय लोगों को नाले से बदबू आई तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। उसके बाद इस सारे मामले का खुलासा हुआ।

माना जा रहा है कि पुलिस बुधवार को चारों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन क्रिएट करने का प्रयास का सकती है। पुलिस को हत्या में इस्तेमाल हथियार भी अभी नहीं मिला है।

वहीं, इस जघन्य हत्याकांड को लेकर एबीवीपी, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने मंगलवार को राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। हिंदू संगठनों ने करीब 3 घंटे तक बचत भवन चंबा के बाहर प्रदर्शन किया।

इससे पहले हिंदू जागरण मंच की प्रदेश स्तरीय टीम ने पीड़ित परिवार से मुलाकात भी की थी। मंच ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!