Spread the love

कुल्लू टूडे

शिमला

शिक्षा एवं शिक्षकों का हमारे भविष्य निर्माण में अहम योगदान रहता है इस दृष्टि से शिक्षा के सुदृढ़ीकरण के लिए हम कृतसंकल्प है। इसके अतिरिक्त, प्रदेश के सरकारी स्कूलों में गुणवत्ता युक्त शिक्षा प्रदान करना हमारी सरकार की प्राथमिकता है जिसके लिए पूरे कर्तव्य, निष्ठा एवं समर्पण भाव के साथ कार्य कर रहे हैं।

यह बात शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज जुब्बल उपमंडल के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरोट के विद्यालय भवन की आधारशिला रखने के उपरांत अपने संबोधन में कही।

उन्होंने कहा कि विद्यालय भवन की अनुमानित लागत 1 करोड़ 43 लाख रुपए निर्धारित की गई है। भवन के तहत लगभग 14 कमरों का निर्माण किया जाएगा जिसके भूतल में विद्यालय कार्यालय, प्रथम तल में कक्षाएं एवं द्वितीय तल में एक बहुउद्देशीय हॉल का निर्माण किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि भवन निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी ताकि जल्द ही एक सुंदर भवन यहां के छात्रों को उपलब्ध हो सके।

शिक्षा मंत्री ने विद्यालय परिसर में 15 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित बास्केटबॉल कोर्ट एवं ओपन जिम का उद्घाटन किया।

उन्होंने कहा कि खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। इस दृष्टि से नवनिर्मित बास्केटबॉल कोर्ट छात्रों को खेलकूद की ओर प्रेरित करेगा।

उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में 5000 से अधिक पद भरने की मंजूरी कैबिनेट ने प्रदान की है जिससे दूर दराज के क्षेत्रों के अध्यापकों की तैनाती हो सकेगी।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के लिए 3 सीए स्टोर की स्वीकृति भी प्राप्त की जा चुकी है जिससे यहां के बागवानों को उसका लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि सरोट विद्यालय की दीवार के लिए तकनीकी पहलुओं पर जांच की जाएगी ताकि इसके लिए बजट का प्रावधान किया जा सके।

वहीं फेंसिंग के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए ताकि बजट का प्रावधान किया जा सके।

कार्यक्रम में स्कूल के छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जिन्हे शिक्षा मंत्री ने 15 हजार रुपए देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि हमें अपने संस्कृति एवं भाषा को भी संजोए रखने की आवश्यकता है जिसके लिए हम सभी को प्रयास करने चाहिए।

उन्होंने कहा कि जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों का जल्द दौरा कर क्षेत्र की समस्याओं का निदान किया जाएगा और हर पंचायत में समान दृष्टिकोण से विकास को प्राथमिकता दी जाएंगी।

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य कौशल मुंगटा ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने क्षेत्र के विकास में नई गाथा लिखी है।

प्रधानाचार्य उषा शर्मा ने शिक्षा मंत्री को स्कूल की गतिविधियों से अवगत करवाया तथा समस्याओं को उनके समक्ष रखा।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!