Spread the love

कुल्लू टुडे

ऊना

जिला उना की गगरेट विधानसभा क्षेत्र के तहत मुबारिकपुर में बहुउद्देशीय परियोजनाएं तथा ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने गगरेट के विधायक राकेश ठाकुर की उपस्थिति में विद्युत उप मंडल कार्यालय का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने कहा कि मुबारिकपुर में विद्युत उपमंडल का कार्यालय खुलने से दस हज़ार परिवार के चालीस हज़ार लोगों की आबादी को लाभ मिलेगा। इस कार्यालय को तीन सेक्शनों में बांटा गया है जिसमें कुहाड़चछन, बनेहड़ा व मुबारिकपुर के लगभग डेढ़ दर्जन पंचायतों के हजारों उपभोक्ताओं को इस कार्यालय के खुलने से लाभ मिलेगा। उन्होंने गगरेट विधानसभा क्षेत्र में 13 नए ट्रांसफार्मर स्वीकृत करते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों को ट्रांसफार्मर 3 माह के भीतर लगाने के निर्देश भी दिए।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि जमीन उपलब्ध होने पर 33 केवी का सब स्टेशन भी स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 58 हज़ार लकड़ी के पोल बदले जा चुके हैं शेष बचे पोलों को भी शीघ्र बदला जा रहा है।
सुखराम चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा बुढ़ापा पेंशन राशि को बढ़ाकर 15 सौ रुपए किया गया है, साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाकर 850 रूपए, जबकि विधवा और दिव्यांगजनों की पेंशन को बढ़ाकर एक हज़ार रूपये किया गया है। इसके अलावा पेंशन आयु सीमा को कम करके 70 वर्ष कर दिया गया है। महिलाओं के लिए पेंशन प्राप्त करने की आयु को प्रदेश सरकार ने घटाकर 65 वर्ष कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में साढे़ पांच लाख से अधिक लाभार्थियों को विभिन्न प्रकार की सामाजिक पेंशने प्रदान की जा रही है।

जनसभा के दौरान गगरेट के विधायक राजेश ठाकुर ने मुबारिकपुर में विद्युत विभाग का उपमंडल खोले जाने पर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर एवं ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी का धन्यवाद किया और उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द ही सब डिवीजन कार्यालय के लिए भवन तथा रेस्ट हाउस के लिए भूमि उपलब्ध करवा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि गगरेट विधानसभा क्षेत्र में पिछले साढे़ तीन वर्षों में अभूतपूर्व तरक्की हुई है। सड़क, बिजली व पानी की विभिन्न स्कीमों पर करोड़ों रूपये खर्च किए जा रहे हैं।

राजेश ठाकुर ने कहा कि मुबारिकपुर से मरबाड़ी सड़क का कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा सड़कों के पानी की निकासी के लिए नालियों का निर्माण कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गगरेट में एसडीएम कार्यालय भाजपा सरकार की ही देन है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!