कुल्लू टूडे
बिलासपुर / कश्मीर ठाकुर
नगर परिषद बिलासपुर द्वारा वार्ड नंबर चार में स्थित गुरू रविदास मंदिर तथा रिहायशी इलाके में कूड़ा संयत्र लगाए जाने के लिए विरोध में नगरवासी लामबंद हो गए है।
नगर परिषद इस कूड़ा संयत्र को यहीं पर लगाने के लिए अड़ा है जबकि यहां पर रहने वाले लोग इसका शुरू से ही विरोध कर रहे हैं ताकि उनके जन जीवन पर कोई विपरीत असर न पड़े।
इसी आशय को लेकर वीरवार को कुछ संस्थाओं के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों का प्रतिनिधिमंडल डीसी बिलासपुर की अनुपस्थित में एडीएम से मिला और इस कूड़ा संयत्र को अन्य जगह पर स्थापित करने की मांग दोहराई।
संत शिरोमणी गुरू रविदास जी महाराज मंदिर के प्रधान मदन लाल व पूर्व पार्षद रच्छपाल सिंह ने बताया कि जिस स्थान पर कूड़ा संयत्र को लगाने की मिथ्या जिद्द नगर परिषद कर रहा है, उसका विरोध लंबे समय से चल रहा है।
उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर यह संय़त्र लगाने की कवायद चल रही है। वहां पर गुरू रविदास मंदिर है, गउशाला, दुकानें तथा रिहायशी क्षेत्र है।
यहीं नहीं इसके साथ रौड़ा सेक्टर, दबड़ा कालोनी, सीनियर सीटिजन सभागार, सब्जी मंडी, मीट मार्केट तथा एक छोर पर श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर है।
ऐसे में इसे शहर के बीचों बीच स्थापित कर के न सिर्फ इन्हीं इलाकों में बदबू का आलम होगा बल्कि लोअर मेन मार्केट और मुख्य बाजार पर भी इस गंदगी का असर पड़ेगा। इस सड़क पर हर रोज सैंकड़ों विद्यार्थी स्कूल जाते हैं जबकि अन्य लोग भी इस रास्ते का प्रयोग आवागमन के लिए करते हैं।
उन्होंने कहा कि इस बारें में सूचना के अधिकार के तहत
मांगी गई जानकारी में नगर परिषद ने 14 सिंतबर 2022 को स्वीकार किया है कि नगर परिषद द्वारा कूड़ा कचरा निष्पादन प्लांट नहीं लगाया जा रहा है।
जबकि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अधिसूचना के अनुसार जिस स्थान पर यह संयंत्र लगता है, उसके पांच सौ मीटर के दायरे पर किसी भी रिहायश की उपलब्धता नहीं होनी चाहिए। मसलन इस प्लांट को रिहायशी क्षेत्र से पांच सौ मीटर दूर स्थापित किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि इस कूड़ा निष्पादन सयंत्र को जबरदस्ती इस स्थान पर लगाया गया तो विशाल आंदोलन किया जाएगा जिसकी जिम्मेवारी जिला प्रशासन की होगी।
इस प्रतिनिधिमंडल में रविदास महासभा के प्रधान मदन लाल, पूर्व पार्षद रच्छपाल सिंह, लेख राम सेन, कृष्ण लाल भाटिया, तेग सिंह, जीआर चैहान, एसआर किशोर, दौलत राम, भंडारू राम सहगल, जीत राम बंसल, विनोद गुप्ता, श्याम लाल, जोगेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान राजपुरा प्रधान राम दयाल, नंद लाल व श्याम लाल सोनू आदि मौजूद थे।
