कुल्लू टूडे
बिलासपुर/कश्मीर ठाकुर
बिलासपुर जिले की सदर क्षेत्र की ग्राम पंचायत हरनोडा, धौण कोठी एवं सोलग जुरासी के पंचायती राज प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन एवं जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 24 फरवरी तक जलशक्ति विभाग की पेयजल योजनाओं पर नियुक्त आउटसोर्स कर्मचारियों को वेतन की अदायगी नहीं की गई तो वह उपायुक्त कार्यालय के बाहर क्रमिक अनशन शुरू कर देंगें। जिसकी जिम्मेवारी जल शक्ति विभाग एवं जिला प्रशासन पर होगी।
फिर भी इन आउटसोर्स कर्मचारियो को वेतन नहीं दिया गया तो वह जल शक्ति विभाग की पेयजल योजनाओं को बंद करवा दिया जाएगा।
इन पंचायती राज प्रतिनिधियों ने कहा कि इन कर्मचारियों को पिछले सात माह से वेतन नहीं मिला है जिससे इनका गुजर बसर करना मुश्किल हो गया है।
यहां पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए ग्राम पंचायत हरनोडा के बीडीसी सदस्य अशोक शर्मा, धौण कोठी की बीडीसी सदस्य सपना ठाकुर, द्रोबड से सुभाष बरमाणा से देवेंद्र व निचली भटेड से बीडीसी अमित चंदेल ने कहा कि हरनोडा, पंजगाई,बैरी रजांदिया, जमथल, धौण कोठी व सोलग जुरासी क्षेत्र में जलशक्ति विभाग की पेयजल योजनाएं आउटसोर्स है। जहां पर लगभग 50 कर्मचारी आउटसोर्स है। जिन्हें पिछले छह सात माह से वेतन नहीं मिला है।
अगर इन कर्मचारियों ने जल शक्ति विभाग की पेयजल योजनाओं पर काम करना बंद कर दिया तो लोगों को कई दिनों तक पीने का पानी नहीं मिलेगा। इस मुददे पर वह उपायुक्त बिलासपुर से मिले थे।
उन्होंने जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता को एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। लेकिन अभी तक जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता ने कोई कार्रवाई नही की है।
उन्होंने कहा कि कुछके आउट सोर्स कर्मचारियों को बीडीसी की बैठक में विभाग के खिलाफ प्रस्ताव पारित करवाने के बाद वेतन मिल पाया है।
उन्होंने कहा कि अगर इन कर्मचारियों को ठेकेदार वेतन नहीं दे सकता तो विभाग भी सीधे तौर पर आउटसोर्स कर्मचारियों को वेतन दे सकती है।
उन्होंने इस अवसर पर उपायुक्त द्धारा एनटीपीसी कालौनी का दौरा कर समस्याएं सुलझाने के लिए उनका आभार जताया है।
उन्होंने जिला प्रशासन एवं जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से आउटसोर्स कर्मचारियों का वेतन शीघ्र जारी करवाने की मांग की है।
