Spread the love

कुल्लू टुडे

कुल्लू

उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने बुधवार को क्षेत्रीय अस्पताल का दौरा किया और मौका था पंजाब नेशनल बैंक की ओर से क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू को 10 लाख के चिकित्सा उपकरण व अन्य वस्तुएं प्रदान करने का। उपायुक्त ने पंजाब नेशनल बैंक मण्डी सर्कल प्रमुख विजय मंजयाल तथा कुल्लू के अग्रणी जिला प्रबंधक पामा छेरिंग की उपस्थिति में ये उपकरण व वस्तुएं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चन्द्र व चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नरेश को सौंपे।

इन उपकरणों में 1,92,399 रुपये के ऑक्सीजन मैनीफोल्ड, ऑक्सीजन पाईपलाईन तथा ऑक्सीजन पोर्टस, 2,59,600 रुपये मूल्य के चार ऑटोमेटिक बैड आईसीयू के लिए, 83300 रुपये कीमत के दो ह्यूमिडिफायर वेंटीलेटर के लिए, 1,18,350 रुपये मूल्य के तीन सिरिंज इन्फ्यूजन पंप, 1.49 लाख के दो रेडियन्ट वार्मर, 5900 रुपये के दो नियोनेटल लैरिंगोस्कोप, 2370 रुपये के छः मैक कर्वड ब्लेड के अलावा लगभग एक लाख रुपये की उपभोज्य वस्तुएं शामिल हैं जो अस्पताल को प्रदान की गई।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि बैंक का यह प्रयास काफी सराहनीय है और पीड़ित मानवता की सेवा के लिए मददगार होगा। उन्होंने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के चलते अस्पताल की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। अस्पताल में कोविड मरीजों के लिए आधुनिक सुविधाओं व ऑक्सीजन से लैस 200 बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक सामाजिक दायित्व के तहत अन्य प्रतिष्ठानों को भी इस प्रकार का योगदान अस्पतालों के लिए करना चाहिए।

Leave a Reply

error: Content is protected !!