कुल्लू टूडे
बिलासपुर/कश्मीर ठाकुर
सर्वदलीय भाखड़ा विस्थापित समिति ने इस बात पर भारी आश्चर्य व्यक्त किया है कि समिति के एक शिष्टमंडल को जिलाधीश द्वारा दिये गए आश्वासन के बाद भी नगर के विभिन्न सेक्टरों में उपयुक्त स्थलों पर वाहन पार्किंग के लिए यलो-लाईन नहीं लग पाई है।
बैठक की अध्यक्षता करने के बाद समिति के महामंत्री जयकुमार ने कहा कि बैठक में उपस्थित सभी नागरिकों ने हैरानी जताई है कि 6 मास से अधिक समय बीत गया पर इस विषय पर अभी तक कोई कार्यवाही अमल में नहीं लाई गई है।
उन्होंने कहा कि भाखड़ा विस्थापित समिति के आग्रह पर डीसी बिलासपुर पंकज राय ने इस कार्य के लिए नगर परिषद को 3.56 लाख रुपए की राशि उपलब्ध कराई थी, किन्तु उसके बावजूद भी यह आवश्यक कार्य संपन्न नहीं हो पाया है। जिस कारण हर रोज पुलिस चालानों से दर्जनों लोग परेशान हो रहे हैं।
विस्थापित समिति ने डीसी पंकज राय से इस मामले को गंभीरता से लेकर इस बारे अपने आदेशों पर तुरंत अमल सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है।
समिति ने एक अन्य सर्वसम्मत प्रस्ताव में इस बात पर खेद व्यक्त किया है कि उनके बार-बार के आग्रहों के बावजूद भी नगर के नव गठित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर ट्रस्ट के आय-व्यय का विस्तृत विवरण जनता की जानकारी के लिए प्रचारित, प्रसारित नहीं किया गया है।
सदस्यों का कहना था कि उन्हें नहीं पता कि इस वित्तिय प्रबंधन में कुछ भी गलत हुआ है या नहीं। क्योंकि लोगों को हिसाब – किताब दिये जाने की ओर संबन्धित अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिससे संदेह पैदा होना स्वाभाविक है।
समिति ने मांग की कि जब से श्री लक्ष्मी नारयायन मंदिर ट्रस्ट का निर्माण हुआ है न केवल तब से मंदिर की आय-व्यय का ब्योरा दिया जाये बल्कि आडिट रिपोर्ट में उठाई गई आपतियों पर की गई कार्यवाही का भी पूर्ण विवरण जनता की जानकारी के लिए दिया जाये।
उन्होने यह भी मांग की कि पूर्व काल की तरह नगर के सर्वाधिक आय वाले नगर के धौलरा नाहर सिंह बजिया मंदिर को भी इस ट्रस्ट के अधीन लाया जाये ताकि इस मंदिर में होने वाली आय का उपयुक्त रूप से प्रयोग सुनिश्चित हो सके।
विस्थापित समिति ने एक अन्य प्रस्ताव में जिला प्रशासन और राज्य स्वास्थ्य विभाग से आग्रह किया अहै कि क्यों कि इस समय सारे जिला भर में साँपों के काटने के प्राय हर रोज केस हो रहे हैं। इसलिए इस मामले को गंभीरता से लेकर क्षेत्रीय अस्पताल में ही साँप के काटने के इलाज की उपयुक्त व्यवस्था की जाये। उन्हें किसी भी बहाने नेरचैक मेडिकल कालेज या फिर आईजीएमसी शिमला भेज कर उनके जीवन से खिलवाड़ न किया जाये।
समिति ने सर्वसम्मत प्रस्ताव में समिति की संचालन उप.समिति के प्रमुख सदस्य एवं समाज सेवी व लोकप्रिय डाक्टर नरेंद्र सांख्यायन के स्वर्गवास पर दो मिनट का मौन रख कर उन्हें श्रद्धांजली भेंट की।
एक अन्य प्रस्ताव में समिति ने मुख्यमंत्री व सरकार से आग्रह किया कि भाखड़ा विस्थापितों की वर्षों से लंबित चली आरही संसस्याओं के निराकरण के लिए कमिश्नर रेंक के अधिकारी की नियुक्ति की जाये ताकि उनकी समस्याओं का अध्ययन करके उनका सुलझाव सुनिश्चित हो सके।
बैठक में अन्यों के अतिरिक्त ओम प्रकाश गर्ग, राम सिंह, अमृत लाल नड्डा, जेके नड्डा, कृष्णा चैहान, देवी राम वर्मा, दिलशाद मोहम्मद, वीनस मोहम्मद, देश राज जसवाल, नन्द किशोर शर्मा, कांशीराम चैधरी, सदीक मोहम्मद, लेखराम, प्रेम चैहान, रमेश कुमार, कुलदीप सिंह, पुरुषोताम शर्मा, राम पाल डोगरा, अशोक सैनी, रविंद्र नाथ भट्टा, राम कृष्ण शर्मा, राजेन्द्र शर्मा, रविन्द्र गुप्ता, जगदीश कौंडल और राज पाल सोनी आदि ने भाग लिया।
