कुल्लू टूडे
बिलासपुर/कश्मीर ठाकुर
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव पूर्व सीपीएस तथा कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेश धर्माणी ने वर्तमान सरकार पर राशन कार्ड पंजीकरण के नाम पर लोगों को तंग करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जारी किए गए आदेशों में जो भी व्यक्ति राशन लेता है। उसे राशन के संबंधित डिपो पर जाकर अपने फिंगरप्रिंट देने होंगे अन्यथा उसका नाम राशन कार्ड में से काट दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस तरह से अधिकतर परेशानी उन लोगों को आ रही है जो कि बुजुर्ग हैं और अधिक चल फिरने में असमर्थ हैं या ऐसे गांववासी जो कि दूर.दराज में पढ़ते हैं उनका डिपो तक आना संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि समस्या तो यह भी पैदा हो रही है कि इसी तरह समय निकालकर गांव के लोग डिपो तक आ जाते हैं लेकिन वहां पर कनेक्टिविटी ना होने के कारण उनका अपडेशन नहीं हो पाता। उन्होंने कहा कि सरकार ने न जाने किस तरह से यह तुगलकी फरमान जारी कर के लोगों को तंग करने का एक नया तरीका निकाला है। उन्होंने कहा कि इस तरह से कार्य करना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की है कि इस फरमान को तुरंत वापस लिया जाए क्योंकि यह किसी भी रूप में संभव नहीं है ।
उन्होंने यह भी आशंका जताई है कि इसका एक निर्धारित समय तय कर दिया गया है और अगर निर्धारित समय में सभी लोगों का अपडेशन नहीं हो पाता है तो उनका नाम राशन कार्ड में से काट दिया जाएगा। उन्होंने सरकार को इस विषय पर हस्तक्षेप करने का भी आग्रह किया है।
