कुल्लू टूडे
बिलासपुर/कश्मीर ठाकुर
नगर के डियारा सेक्टर में इन दिनों पेयजल की किल्लत को लेकर परेशान हैं। शिकायतें करने के बावजूद भी पानी की सप्लाई सही तरीके से नहीं हो रही है।
धौलरा रोड़ पर स्थित आवासीय परिसरों में पानी की कमी का खामियाजा लोग भुगत
रहे हैं। पानी की जरूरत को पूरा करने के लिए श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर
परिसर में लगा बोरवैल पंप अंतिम सहारा है।
पानी की कमी से जूझ रहे लोगों में शामिल लेख राम वर्मा, संजीव, चैत्री देवी, रूप लाल,आशा, सोनू, अनीश,विरेंद्र आदि ने बताया कि भीषण गर्मी में पानी की दिक्कत हर रोज की परेशानी का सबब है।
जल शक्ति विभाग द्वारा दिए जाने वाले पानी से पेयजल की जरूरत भी पूरी नहीं होती। जबकि अन्य कार्यों के लिए पानी का प्रबंध इधर-उधर से करना पड़ता है। कई बार तो पानी खरीद कर जरूरतें पूरी करनी पड़
रही है।
इन लोगों ने बताया कि पानी की समस्या को लेकर कई बार विभागीय
अधिकारियों के पास गुहार लगाई है लेकिन कोई कार्यवाही अमल में नहीं लाई गई है। उन्होंने कहा कि हर रोज पानी के लिए नई परेशानी और लड़ाई है।
हालांकि गर्मियों के मौसम में पानी की जरूरत अन्य महीनों की अपेक्षा ज्यादा होती है।
लेकिन विभागीय कार्यप्रणाली इस संदर्भ में संदेह के घेरे
में हैं। कई स्थान ऐसे हैं जहां पर पानी व्यर्थ रिसता रहता है। इस बारे
भी शिकायतें की गई लेकिन कार्यवाही के नाम पर वही आश्वासन ही मिलते हैं।
लोगों ने बताया कि नेता लोग आए दिन पेयजल की आपूर्ति को लेकर करोड़ों की बातें करते हैं लेकिन धरातल पर एक या दो बाल्टी पानी का मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि भाखड़ा विस्थापितों के साथ इस प्रकार का बर्ताव सहन योग्य नहीं है।
उन्होंने अधिशाषी अभियंता जलशक्ति विभाग से गुहार लगाई है कि पानी की समस्या को शीघ्र दूर करने का प्रयास करे।
