कुल्लू टुडे
कुल्लू
प्रधान सचिव, जल शक्ति विभाग, हिमाचल प्रदेश सरकार
डॉ. अभिषेक जैन ने वर्ष 2023 से कुल्लू घाटी में बार-बार आ रही बाढ़ की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित बाढ़ निगरानी भवन की योजना एवं प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इसमें रिमोट सेंसिंग, भौगोलिक सूचना प्रणाली (जीआईएस) डेटाबेस तथा प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली जैसी उन्नत तकनीकों को शामिल किया जाए, ताकि भविष्य में बाढ़ जैसी आपदाओं की प्रभावी निगरानी एवं समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को जनहित को सर्वोपरि रखते हुए पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी से कार्य करने तथा विभागीय मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
दौरे के दूसरे दिन 17 अक्तूबर को डॉ. अभिषेक जैन ने वित्त सचिव के रूप में यूको बैंक का निरीक्षण किया तथा बैंक अधिकारियों के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके उपरांत उन्होंने मनाली शहर की एएफडी वित्त पोषित सीवरेज परियोजना की संबंधित अधिकारियों एवं हितधारकों के साथ समीक्षा की।
परियोजना के कार्यों में हो रही देरी को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने सभी संबंधित पक्षों को कार्य में तेजी लाने तथा परियोजना को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान योजना कार्यों, जमा कार्यों एवं अन्य संबंधित विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
डॉ. जैन ने अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
