कुल्लू टुडे
सोलन
हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के उपमंडल अर्की में ब्रेस्ट वॉल में लगाई गई शटरिंग की 46 प्लेटें चोरी मामले में जिला सोलन के अर्की पुलिस थाना की टीम ने 1 व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
सोलन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 28-09-2026 को शिमला निवासी आशीष कौशल ने पुलिस थाना अर्की में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह ठेकेदारी का कार्य करते हैं तथा अर्की-शालाघाट सड़क पर उनकी ब्रेस्ट वॉल का निर्माण कार्य चल रहा है, जहाँ उन्होंने शटरिंग की प्लेटें लगा रखी थीं।
15-9-2026 को उक्त ब्रेस्ट वॉल में लगाई गई शटरिंग की 46 प्लेटें किन्हीं अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर ली गईं। चोरी हुई शटरिंग के प्लेटों की कीमत लगभग 50,000 रूपए है।
इन्होने अपने स्तर पर भी चोरी हुई शटरिंग प्लेटों की तलाश की गई, लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चल सका। इस पर पुलिस थाना अर्की में उपरोक्त अभियोग पंजीकृत किया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस थाना अर्की की पुलिस टीम द्वारा चोरी हुई शटरिंग प्लेटों तथा आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
तलाश के दौरान पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहनता से विश्लेषण किया गया।
जिसके आधार पर आरोपी की पहचान करके मामले में संलिप्त आरोपी अमर देव पुत्र बाबु राम निवासी गाँव छामला डाकखाना नवगांव, तहसील अर्की जिला सोलन हि०प्र० उम्र 45 वर्ष 28-09-2026 को अर्की से गिरफ्तार किया गया। आरोपी से गहनता से पूछताछ की गई।
गिरफ्तार उक्त आरोपी को बीते दिन न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से आरोपी का 3 दिन का पुलिस हिरासत रिमांड प्राप्त किया गया।
आरोपी की निशानदेही पर चोरी हुई शटरिंग की प्लेटें बरामद कर ली गई हैं। आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है। मामले में जांच जारी है।
