कुल्लू टुडे
शिमला
विश्व फार्मासिस्ट दिवस-2026 के अवसर पर हिमाचल प्रदेश ऑल इंडिया गवर्नमेंट एंड प्राइवेट सेक्टर फार्मासिस्ट्स एसोसिएशन तथा चीफ फार्मेसी ऑफिसर्स एंड फार्मेसी ऑफिसर्स एसोसिएशन, हिमाचल प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में होटल मरीना में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
*स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्टों की भूमिका महत्वपूर्ण*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
दवाओं के सुरक्षित एवं तर्कसंगत उपयोग के साथ-साथ मरीजों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने में फार्मासिस्टों की अहम भूमिका रहती है।
उन्होंने कहा कि सही समय पर सही दवा उपलब्ध न होने से मरीजों की जान खतरे में पड़ सकती है।
उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य विभाग का नर्वस सिस्टम हैं और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी संचालन में उनका महत्वपूर्ण योगदान है।
प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में अत्याधुनिक मशीनों एवं उपकरणों के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत कर रही है।
*मेडिकल और पैरामेडिकल स्टाफ के हजारों पद भरे*
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में मेडिकल एवं पैरामेडिकल स्टाफ के हजारों पद भरे जा चुके हैं तथा अभी भी सैकड़ों पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने कहा कि फार्मासिस्टों के पदोन्नति चैनल को विकसित करने के लिए भी सरकार की ओर से प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रयासों से सरकारी अस्पतालों में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू हुई है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में गुणवत्ता, आधुनिक तकनीक और बेहतर मरीज देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मेडिकल एवं पैरामेडिकल पदों को भरने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
