Spread the love

कुल्लू टुडे

शिमला

उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने बीते दिन कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय कोटखाई का निरीक्षण किया तथा विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के विद्यार्थियों से संवाद भी किया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि छात्र जीवन मानव जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जहां से युवाओं के भविष्य की दशा और दिशा निर्धारित होती है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन में रहकर ज्ञान अर्जित करने के लिए कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया, ताकि वे अपने उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख सकें।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।

इससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होने के साथ-साथ वे दुर्व्यसनों से दूर रहेंगे तथा उनका मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य भी सुदृढ़ होगा। इस दौरान उन्होंने मेधावी छात्रों को पारितोषिक वितरित कर सम्मानित भी किया।

इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय कोटखाई के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विद्यालय प्रशासन एवं विद्यार्थियों द्वारा रखी गई विभिन्न मांगों पर उपायुक्त ने सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए उन्हें शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

error: Content is protected !!