Spread the love

कुल्लू टुडे

बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर

कांग्रेस के जिला संगठनात्मक महासचिव अधिवक्ता अनुराग पंडित ने कहा कि जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत को प्रदेश की जनता का जनादेश बताना वास्तविकता से परे है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इन पदों के लिए आम मतदाता सीधे मतदान नहीं करता, ऐसे में इन परिणामों को प्रदेश के व्यापक राजनीतिक रुझान से जोड़ना उचित नहीं होगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि कई क्षेत्रों में भाजपा ने जोड़-तोड़ और राजनीतिक प्रबंधन के जरिए अपने समर्थित प्रत्याशियों को जिला परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर बैठाया है।

पंडित ने कहा कि इस तरह के सीमित चुनाव परिणामों को विधानसभा चुनाव या प्रदेश की जनता की पसंद का आधार नहीं माना जा सकता।

कांग्रेस नेता ने कहा कि सुक्खू सरकार जनहित को ध्यान में रखते हुए लगातार फैसले ले रही है।
सरकार की योजनाओं और नीतियों का लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के लिए विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और कल्याणकारी योजनाएं प्रमुख मुद्दे हैं।

अनुराग पंडित ने भाजपा पर आंतरिक गुटबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता में लौटने का सपना देखने से पहले पार्टी को अपने भीतर चल रही खींचतान दूर करनी चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता सरकार के कार्यों पर नजर रख रही है और भाजपा के लिए सत्ता में वापसी की राह आसान नहीं है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!