Spread the love

कुल्लू टुडे

बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर

घुमारवीं में सोशल मीडिया पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को लेकर कांग्रेस सरकार में नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने भाजपा पर निशाना साधा है।

उन्होंने मीडिया को जारी करते हुए एक बयान में आरोप लगाया कि पिछले करीब साढ़े तीन वर्षों से उनके, उनके परिवार और कांग्रेस पार्टी के कुछ पदाधिकारियों की छवि खराब करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर मनगढ़ंत बातें प्रचारित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन जब इसका कोई असर नहीं हुआ तो कानूनी रास्ता अपनाना पड़ा ।

उन्होंने कहा कि घुमारवीं के पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग की ओर से लगाए गए कथित आरोपों को लेकर मामला न्यायालय तक पहुंचा है और शिमला में उनके खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।

उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायपालिका और कानून पर पूरा भरोसा है तथा जो आरोप लगाए गए हैं, उन्हें साबित करने की जिम्मेदारी आरोप लगाने वालों की है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री के कार्यकाल में ओएसडी रहे एक व्यक्ति से जुड़ी सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर भी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार, कथित फर्जी सोशल मीडिया आईडी और आधिकारिक पेज के संचालन में एक ही मोबाइल नंबर के इस्तेमाल की बात सामने आई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत की गई और मामला अब न्यायालय में विचाराधीन है।

कांग्रेस नेता ने भाजपा पर चुनाव नजदीक आने के साथ सोशल मीडिया के माध्यम से झूठे प्रचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ही बात को बार-बार दोहराकर उसे सच साबित करने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास के कई कार्य करवाए हैं और दधोल में मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान करीब 600 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के शिलान्यास और उद्घाटन किए गए, जिसके बाद विपक्ष में बेचैनी बढ़ गई है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लगातार आपत्तिजनक एवं आरोपात्मक सामग्री सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एफआईआर दर्ज करवाई है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर सामग्री पोस्ट करने के साथ उसे शेयर करने वालों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए और कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को एक ही नजर से देखने से इनकार करते हुए कहा कि भाजपा में कई ऐसे लोग हैं, जिनका वे सम्मान करते हैं और जिनसे उनका कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विवाद कुछ चुनिंदा लोगों और उनके आसपास सक्रिय कथित ठेकेदार लॉबी तक सीमित है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजनीतिक लड़ाई राजनीतिक स्तर पर और कानून का उल्लंघन होने पर कानूनी स्तर पर लड़ेगी।

उन्होंने विपक्ष से न्यायपालिका पर भरोसा रखने की अपील करते हुए कहा कि यदि उनके पास लगाए गए आरोपों के प्रमाण हैं तो उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और अंततः सत्य की जीत होगी।

Leave a Reply

error: Content is protected !!