कुल्लू टुडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
बिलासपुर पुलिस द्वारा नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसते हुए 2 अलग अलग मामलों में 19.54 ग्राम चिट्टा और 1 लाख रुपए कैश के साथ 4 लोगों को गिरफ्तार किया है।
बिलासपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस थाना सदर बिलासपुर की टीम द्वारा ढलियार फोरलेन पर एक संदिग्ध कार की तलाशी लेने पर उसमें से 11.38 ग्राम चिट्टा, हैरोईन बरामद किया गया। इस मामले में पुलिस ने कार में सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दीपक कुमार (29) पुत्र रूप लाल निवासी दयोली तहसील सदर जिला बिलासपुर और अतुल ठाकुर (24) पुत्र सुभाष ठाकुर, निवासी जुखाला, तहसील सदर जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने पुलिस थाना सदर में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। मामले में मादक पदार्थ के स्रोत एवं सप्लाई नेटवर्क के संबंध में भी जांच की जा रही है।
वहीं एक अन्य मामले में बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने नशा तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए बीते दिन पट्टा फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों से 8.16 ग्राम चिट्टा तथा एक लाख रूपए की नकदी बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने 2 युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान सुनील चन्द (22) पुत्र चेत राम, निवासी गांव सरोट, डाकघर बठाडू, तहसील बंजार जिला कुल्लू तथा अनमोल (18) पुत्र सुनील दत्त निवासी गांव नैहला डाकघर औलिण्डा तहसील श्री नयना देवी जी जिला बिलासपुर के रूप।में हुई है।
