Spread the love

कुल्लू टुडे

बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर

घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में सरकार और विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती मुंडखर से पपलाह खुंगण मोहड़ा सड़क की बदहाल तस्वीर सामने आई है।

सड़क निर्माण के लिए दो बार धनराशि मंजूर होने के बावजूद ग्रामीण आज भी बेहतर सड़क सुविधा के लिए तरस रहे हैं।

सड़क की हालत इतनी खराब है कि गांव में किसी व्यक्ति के गंभीर रूप से बीमार पड़ने पर उसे वाहन तक पहुंचाने के लिए पालकी का सहारा लेना पड़ता है।

ऐसे में सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि सड़क की स्थिति किस कदर दयनीय होगी। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई लोग गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं।

उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाना हो या अस्पताल से वापस घर लाना होएतो खराब सड़क के कारण परिवार के लोगों को भारी परेशानियां झेलनी पड़ती हैं।

बरसात शुरू होते ही सड़क की हालत और बिगड़ जाती है। जगह.जगह खराब रास्ते, कीचड़ और पानी भरने के कारण लोगों का पैदल निकलना तक मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से सड़क के नाम पर आश्वासन मिल रहे हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार मुंडखर से पपलाह खुंगण मोहड़ा सड़क के लिए वर्ष 2017 में वर्तमान विधायक व मंत्री राजेश धर्माणी द्वारा उस समय बाकायदा भूमि पूजन भी किया गया था।

उसके बाद 2022 में पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने भी इसका भूमि पूजन किया था। और उस समय कुछ कार्य किया गया था।

फिर वर्तमान सरकार के समय यह कार्य फिर से बन्द पड़ गया, अभी कुछ समय पहले इसका थोड़ा सा कार्य किया गया है।

ग्रामीणों का सवाल है कि जब सड़क के लिए धनराशि स्वीकृत हो चुकी है और भूमि पूजन भी किया जा चुका है तो फिर सड़क की बदहाली दूर क्यों नहीं हो रही है।

सड़क की दुर्दशा से परेशान ज्ञान चंद, रिखी राम, विजय सिंह, विक्रम सिंह, प्यार सिंह, निर्मला देवी, शशिकला, सुनीता, विमला देवी, विपन कुमार, जसमेर सिंह और बेली राम सहित अन्य ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ कड़ा रोष जताया।

ग्रामीणों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही सड़क पर काम शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीण एकजुट होकर विभाग का घेराव करेंगे।

ग्रामीणों का कहना है कि अब आश्वासनों से काम नहीं चलेगा, उन्हें पक्की सड़क चाहिए।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के नाम पर वर्षों से हो रही देरी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उधर इस मामले में अधिशाषी अभियंता घुमारवीं दीपक ने बताया कि ठेकेदार की ओर से सड़क पर करीब 100 मीटर तक कार्य किया गया है।

उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही शेष कार्य शुरू नहीं किया गया तो सड़क का दोबारा टेंडर करवाया जाएगा और किसी अन्य ठेकेदार को कार्य देकर काम पूरा करवाया जाएगा।

Leave a Reply

error: Content is protected !!