कुल्लू टुडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
पुलिस थाना भराड़ी की टीम ने मोटरसाइकिल चोरी होने तथा इसके बाद क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में गल्ले तोड़कर चोरी मामले में 24 घंटे के भीतर शातिर चोर को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव बल्ली (कोट) से मोटरसाइकिल चोरी होने तथा इसके बाद क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में गल्ले तोड़कर चोरी किए जाने की घटना सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए भराड़ी पुलिस द्वारा तत्काल जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने CCTV फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए आरोपी की पहचान की और लगातार प्रयासों के बाद मात्र 24 घंटे के भीतर आरोपी साहिल खान उर्फ साहू पुत्र आबिद खान निवासी हौड़, डाकघर जाहू, तहसील भोरंज, जिला हमीरपुर, उम्र 25 वर्ष को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा गांव बल्ली (कोट) से मोटरसाइकिल नं. HP-12E-2714 चोरी करने तथा इसी मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में चोरी करने और कुछ मंदिरों में चोरी का प्रयास करने की बात सामने आई है।
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी द्वारा जिला हमीरपुर में भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया गया तथा कुछ स्थानों पर चोरी का प्रयास किया गया।
उपरोक्त मामले में चोर द्वारा पुलिस से बचने के लिए मास्क और हुड द्वारा अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की गई।
भराड़ी पुलिस द्वारा चोरी की मोटरसाइकिल नं. HP-12E-2714 बरामद कर ली गई है।
आरोपी साहिल खान उर्फ साहू को आज गिरफ्तार कर लिया गया है।
आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया जाएगा।
मामले में अन्य चोरीशुदा सामान की जल्द ही रिमांड के दौरान बरामदगी करवाई जाएगी।
