कुल्लू टुडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
श्री नैना देवी विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को लेकर भाजपा ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
स्थानीय विधायक रणधीर शर्मा की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र के अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी और अधूरे अस्पताल भवन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि श्री नयना देवी अस्पताल लंबे समय से अधूरा पड़ा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में अस्पताल का करीब 70 प्रतिशत काम पूरा हो गया था और इसके निर्माण के लिए 9.50 करोड़ रुपये दिए गए थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में अस्पताल के लिए सरकार की ओर से कोई बजट ही दिया गया।
उन्होंने कहा कि मंदिर न्यास की ओर से भी अस्पताल के निर्माण के लिए करीब 10 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद शेष निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि अस्पताल का बचा हुआ काम जल्द पूरा किया जाए ताकि घवांडल में जर्जर भवन में चल रहे सिविल अस्पताल को नए भवन में स्थानांतरित किया जा सके।
रणधीर शर्मा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के प्रयासों से श्री नयना देवी जी के लिए क्रिटिकल केयर ब्लॉक मिला है।
उन्होंने कहा कि यदि अस्पताल का भवन समय पर तैयार हो जाता है तो क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। विधायक रणधीर शर्मा ने क्षेत्र में डॉक्टरों की कमी का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने कहा कि घवांडल अस्पताल में डॉक्टरों के 10 स्वीकृत पदों में से सात खाली हैं। स्वारघाट अस्पताल में कोई डॉक्टर नहीं है।
जबकि पीएचसी मलोखर में भी डॉक्टर का पद खाली चल रहा है। उन्होंने कहा कि श्री नयना देवी विधानसभा क्षेत्र में डॉक्टरों के कुल 13 पद खाली हैं।
सरकार इन पदों को जल्द भरें ताकि लोगों को इलाज के लिए दूसरे क्षेत्रों का रुख न करना पड़े। विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा ने अभी सांकेतिक प्रदर्शन किया है।
यदि सरकार ने अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा करने और डॉक्टरों के खाली पद भरने सहित अन्य मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की तो भाजपा आने वाले समय में बड़ा आंदोलन करेगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की जिम्मेदारी है।
