Spread the love

कुल्लू टूडे

आनी

जिला कुल्लू की आनी विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली नगर पंचायत आनी में 1.20 करोड़ रुपए की मल्टी स्टोरी पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए शहरी विकास विभाग से 1 करोड़ रुपए का बजट भी जल्द जारी किया जाएगा। जिला स्तरीय आनी मेले के समापन अवसर पर ये बात शहरी विकास, नगर नियोजन, संसदीय कार्य, विधि एवं सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कही।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में नगर पंचायत की ओर से डीपीआर तैयार हो चुकी है। जल्द ही मामले पर आगामी कार्रवाई के लिए उचित दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे।

मंत्री ने कहा कि अमृत मिशन के तहत शहरी निकायों के लिए 284 करोड़ रुपए का बजट का प्रावधान है। इस राशि में से जो हिस्सा नगर पंचायत आनी का होगा उससे सीवरेज प्रोजेक्ट को सिरे चढ़ाया जाएगा।

उन्होंने इस संबंध में नगर पंचायत को डीपीआर बनाने के निर्देश भी दिए।
नगर पंचायतों की अन्य विभिन्न मांगों पर मंत्री सुरेश भारद्वाज ने गौर करने का आश्वासन दिया। साथ ही नगर पंचायत को सशक्त करने और कुछेक कार्य अपने बलबूते करने की भी उन्होंने नगर पंचायत से अपील की। उन्होंने मेला कमेटी को 1 लाख रुपए देने की घोषणा करते हुए मेला कमेटी सहित स्थानीय लोगों को शुभकामनाएं भी दी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दिशा निर्देशों के बाद आनी और निरमंड क्षेत्र को शहरी निकाय में शामिल किया गया है। ये प्रदेश सरकार की ओर से एक बड़ी सौगात आनी और निरमंड कस्बे के लोगों को दी गई है।

उन्होंने प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने हर तबके के लोगों के लिए कार्य किया। विशेष तौर पर आर्थिक तौर पर कमजोर लोगों के लिए लगातार बीते साढ़े चार सालों में नीतियां बनाई गई। 60 साल पर वृद्धावस्था पेंशन, हिमकेयर में 5 लाख तक का मुफ्त इलाज, 125 यूनिट तक बिजली फ्री, सहारा योजना में 3 हजार रुपए मासिक राशि आदि अनेकों योजनाओं का उन्होंने जिक्र किया।

Leave a Reply

error: Content is protected !!