कुल्लू टुडे
बिलासपुर, हेमराज शर्मा
पंचायती राज चुनावों की घोषणा के साथ ही जिला बिलासपुर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
जिला परिषद के बरमाना वार्ड नंबर 10 से प्रदेश इंटक के कार्यकारी अध्यक्ष एडवोकेट भगत सिंह वर्मा ने अपनी दावेदारी पेश कर दी है जिससे इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प होता नजर आ रहा है। उन्हें इस बार अध्यक्ष पद की दौड़ में संभावित गेमचेंजर के रूप में भी देखा जा रहा है।
बरमाना वार्ड की कुल 13 पंचायतों में से नैहर-हरनोडा को छोड़कर अन्य 12 पंचायतों में फिलहाल वर्मा का नाम प्रमुख रूप से चर्चा में है।
वहीं नैहर-हरनोडा पंचायत से कई अन्य संभावित उम्मीदवार भी मैदान में उतरने की तैयारी में हैं।
राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा चुके वर्मा दो बार जिला परिषद सदस्य रह चुके हैं जिससे उन्हें एक अनुभवी चेहरा माना जा रहा है।
स्थानीय स्तर पर भी उन्हें मजबूत दावेदार के रूप में देखा जा रहा है और समर्थकों के बीच उन्हें संभावित अध्यक्ष पद का चेहरा बताया जा रहा है।
बताते चले कांग्रेस खेमे से वर्मा की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है हालांकि पार्टी स्तर पर अंतिम निर्णय अभी बाकी है। जिले के मंत्री राजेश धर्माणी ने भी स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रत्याशी पर कोई दबाव नहीं बनाया जाएगा।
वहीं वर्मा के समर्थन में एडवोकेट नम्रता कुमारी, एडवोकेट सुनील वैद्य, कांग्रेस सेवा दल के रोशन लाल ठाकुर, बीडीसी सदस्य बंसल, बालकराम ठाकुर, अमरनाथ भाटिया, जगदीश शर्मा, मनोज कुमार, विनय भारद्वाज और शिवराम सिमर सहित करीब दो दर्जन सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें मजबूत और सक्रिय उम्मीदवार बताया है। बताया जा रहा है कि वर्मा लंबे समय से जन मुद्दों को लेकर सक्रिय रहे हैं।
उन्होंने एसीसी विस्थापितों, कोल बांध प्रभावितों, बीबीएमबी टावर लाइन कर्मियों, फैक्ट्री कामगारों और अन्य मजदूर वर्ग के हितों को लेकर कई आंदोलनों का नेतृत्व किया है।
इसके अलावा पंचायत चौकीदारों और सिलाई-कढ़ाई अध्यापकों के वेतनमान से जुड़े मुद्दों को लेकर भी उन्होंने आवाज उठाई।
विभिन्न आंदोलनों के दौरान उन्हें कई बार प्रशासनिक कार्रवाई का भी सामना करना पड़ा। वर्तमान में इंटक के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में कार्यरत वर्मा मजदूर वर्ग के मुद्दों को लगातार उठाते रहे हैं।
उनके समर्थकों में चिंटूराम, शेर सिंह ठाकुर, सदाराम ठाकुर, हरिदास ठाकुर, संजीव कुमार, श्याम लाल और जोगेंद्र शर्मा का मानना है कि जिला परिषद चुनावों में कांग्रेस बहुमत हासिल करेगी और वर्मा का अध्यक्ष बनना तय है और वर्मा अहम भूमिका में नजर आ सकते हैं।
