कुल्लू टूडे
बिलासपुर/कश्मीर ठाकुर
उपायुक्त कार्यालय में बुजुर्गों और दिव्यांगों को सुविधा प्रदान करने के लिए लिफट का निर्माण किया गया है। कारपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत एनटीपीसी कोलडैम के सहयोग से 28 लाख रुपए की राशि व्यय कर 8 लोगों (544 किलो ग्राम) की क्षमता वाली इस लिफ्ट का निर्माण किया गया है जिसका उद्घाटन आज प्रसिद्ध समाजसेवी एवं विशेष ओलिंपिक भारत की अध्यक्ष मलिका नडडा ने किया।
इस अवसर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सभी कार्यालय जहां वरिष्ठ नागरिकों तथा दिव्यांगजनों का कार्यालयों में आना जाना होता है वहां उनकी सुविधा के लिए लिफट का निर्माण महत्वपूर्ण है। उपायुक्त कार्यालय में सुलभ प्रवेश के लिए निर्मित की गई लिफट इस दिशा में सुखद पहल है।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार की पहल के अनुसार सभी कार्यालयों मे दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए मैत्रीपूर्ण अधोसंरचना के निर्माण पर बल दिया जा रहा है।
उन्होंने उपायुक्त बिलासपुर पंकज राॅय तथा एनटीपीसी के अधिकारियों का इस सफल पहल के लिए आभार प्रकट किया।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों व बस स्टैंण्ड पर दिव्यांगजनों, महिलाओं व वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वच्छ व सुलभ शौचालय के निर्माण करने की आवश्यकता है ताकि महिलाओं को इन स्थलों पर भी मूलभूत सुविधाएं प्राप्त हो सके जिसके लिए कारपोरेट सेक्टर से सहयोग लिया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए इस तरह के निर्माण चेतना संस्था की पहल के अनुरूप ही है।
इस अवसर पर उपायुक्त पंकज राॅय ने बताया कि लिफट के निर्माण से उपायुक्त कार्यालय के तीन मंजिला भवन के प्रत्येक तल तक जाने के लिए वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों तथा बिमार व्यक्तियों को सुविधा प्राप्त होगी।
उन्होंने बताया कि दिव्यांगों तथा वरिष्ठ नागरिकों को उपायुक्त कार्यालय तक पहुंचने के लिए भवन में अन्य जरूरी सुधार भी किए गए हैं। कार्यक्रम में विशेष रूप से सक्षम लोगों ने भी भाग लिया।

