Spread the love

कुल्लू टूडे

केलांग

दारचा लेह मार्ग बहाल होने के बावजूद पर्यटकों की आवाजाही को रोके जाने से, लाहुल के पर्यटन कारोबारियों को रोजाना लाखो का नुकसान झेलना पड़ रहा है। प्रशासन व सरकार की मनमानी व मिलीभक्ति के चलते लाहुल का पर्यटन कारोबार रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा है। यह बात जिस्पा में लाहुल स्पीति के पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने पत्रकार वार्ता में कही है।

उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है जब बीआरओ ने रिकार्ड समय में मनाली लेह मार्ग बहाल किया है, लेकिन प्रशासन व सरकार की मनमानी के कारण अभी तक उक्त सड़क पर पर्यटकों की आवाजाही बहाल नहीं की जा सकी है, जिस कारण घाटी के पर्यटन कारोबारियों की समर सीजन से जुड़ी सारी उम्मीदें धराशाही हो रही है।

रवि ठाकुर ने कहा है कि एक तरफ प्रदेश सरकार लाहुल स्पीति में पर्यटन कारोबार को रफतार देने के लिए मास्टर प्लान बनाने की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ सैलानियों को उक्त मार्ग पर जाने की अनुमति प्रदान न करना समझ से परे है।

उन्होने कहा कि आज हजारों की संख्या में सैलानी रोजाना मनाली से लाहुल का रुख घूमने के लिए करते हैं, लेकिन दारचा से आगे अनुमति न देना लोगों की समझ से परे है।

उन्होंने कहा कि सैलानी सिस्सू व कोकसर में तो जरूर आ रहे हैं लेकिन वहां पर भी प्रशासन द्वारा किसी भी तरह की मूलभूत सुविधाएं जैसे शोचालय व पार्किंग की सुविधा सैलानियों को उपलब्ध नहीं करवाई गई हैं। फास्ट फूड के नाम पर सैलानी घाटी से मैगी खा कर ही वापस लौट रहे हैं।

रवि ठाकुर ने कहा कि हैरानी तो इस बात की है कि लाहुल स्पीति में भुटान की तर्ज पर पर्यटन मॉडल अपनाने की बात करने वाले भाजपा नेता लाहुल में आने वाले
पर्यटकों को सार्वजनिक शौचालय तक की सुविधा उपलब्ध नहीं करवा सके हैं।

उन्होंने कहा कि वे सरकार से मांग करते है कि जिस्पा से जहां दिल्ली के लिए जल्द से जल्द वोल्वो बसें चलाई जाएं ताकि असानी से सैलानी घाटी में पहुंच सके।

उन्होंने कहा कि वे सरकार से ये मांग भी करते है कि मनाली लेह मार्ग पर पर्यटकों की आवाजाही को भी जल्द बहाल किया जाए ताकि बाहरी राज्यों से आने वाला पर्यटक बिना किसी चिंता के घाटी में घूम सके।

उन्होंने कहा कि दारचा पुल की समीप बनाई गई लाहुल स्पीति पुलिस की अस्थाई पुलिस चैक पोस्ट को भी पुराने स्थल पर स्थापित किया जाए ताकि पुल पर वाहन खड़े न हो सके।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पुल पर वाहनों को खड़ा किया जाता है और उसी का कारण है कि आज पुल के आसापास दरारें आ गई हैं और कभी भी यहां अप्रिय घटना घट सकती है।

रवि ठाकुर ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से प्रशासन व सरकार को उचित कदम उठाने चाहिए ताकि घाटी के पर्यटन कारोबारियों को इसका लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि शिंकुला टनल जो बीआरओ द्वारा बनाई जानी है ,उसका वे स्वागत करते हैं और जनता को ये बताना चाहते हैं कि अटल टनल के निर्माण के दौरान ही कांग्रेस की सरकार ने मनाली लेह मार्ग पर तीन अन्य सुरंगें बनाने का निर्णय लिया था जिसमें शिंकुला भी एक है।

बहरहाल रवि ठाकुर ने प्रशासन व सरकार से मनाली लेह मार्ग पर पर्यटकों की आवाजाही बहाल करने की मांग की है, ताकि घाटी के पर्यटन कारोबारियों का कारोबार चले,ओर बेरोजगारों को रोजगार मिल सके।

Leave a Reply

error: Content is protected !!