Spread the love

कुल्लू टूडे

कुल्लू

जिला मुख्यालय स्थित उपायुक्त कार्यालय के समिति कक्ष में आज जिला स्तरीय निगरानी एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस. रवीश ने की।

बैठक के दौरान जिले की पाँच प्रमुख आईसीडीएस परियोजनाओं आनी, बंजार, कटराईं, कुल्लू और नीथर के अंतर्गत चल रहे विभिन्न कार्यों और जन कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने आंगनवाड़ी केंद्रों के बुनियादी ढांचे, बच्चों के पोषण स्तर और मुख्यमंत्री शगुन योजना व विधवा पुनर्विवाह जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया।

बैठक में जानकारी दी गई कि जिले के सभी 1,095 आंगनवाड़ी केंद्रों में पीने के पानी और कार्यात्मक शौचालय की सुविधा सुनिश्चित की गई है।

पोषण अभियान के तहत जिले के 23,093 पंजीकृत बच्चों में से लगभग 97.6% बच्चे सामान्य श्रेणी में पाए गए हैं, जबकि कुपोषण (SAM और MAM) की स्थिति वाले बच्चों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।

उपायुक्त ने आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, विशेषकर उन 12 केंद्रों में जहाँ कार्य अभी शुरू होना शेष है।

इसके अतिरिक्त, वर्ष 2025-26 के दौरान आपदा राहत कोष (PDNA) के तहत क्षतिग्रस्त आंगनवाड़ी केंद्रों की मरम्मत हेतु 63 लाख रुपये की राशि के वितरण और विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को प्रदान की जा रही वित्तीय सहायता की भी समीक्षा की गई।

बैठक की कार्यवाही का संचालन जिला कार्यक्रम अधिकारी समेकित बाल विकास परियोजना कुल्लू कुंदन लाल ने किया।

बैठक में जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी ज़ोनल अस्पताल डॉ सुरेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!