Spread the love

कुल्लू टूडे

बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर

अभी हाल ही में आस्ट्रेलिया में संपन्न हुई अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता में भारतीय विश्वविद्यालय क्रिकेट टीम बेहतरीन प्रदर्शन के साथ भारत लौट आई है।

इस टीम में बतौर कैप्टन अभय चौधरी (पंजाब) ने निभाई जबकि वाईस कैप्टन की भूमिका में (बिलासपुर) हिमाचल प्रदेश के आर्यव्रत शर्मा रहे।

अपने नाम के साथ इंटरनेशनल का सम्मानित नाम लेकर बिलासपुर पहुंचे युवा क्रिकेटर आर्यव्रत ने बताया कि आस्ट्रेलिया का उनका दौरा और अनुभव दोनों शानदार और यादगार रहे।

बिलासपुर पहुंचने पर आर्यव्रत ने अपने अनुभवों को सांझा करते हुए कहा कि आस्ट्रेलिया की फास्ट पिच पर इंटरनेशनल क्रिकेटर्स के साथ खेलना बहुत रोमांचक रहा।

उन्होंने कहा कि भारत-आस्ट्रेलिया इंटर यूनिवर्सिटी सीरीज के छह टी-20 मैचों में भारत ने चार मैच जीत कर इस सीरीज को अपने नाम किया। इनमें उन्हें भी कैप्टनशिप निभाने का मौका मिला जबकि बल्लेबाजी से ज्यादा फिल्डिंग का आनंद आया।

उन्होंने बताया कि इसी श्रृंखला के तीन मैच ब्रिसबेन में हुए जबकि तीन मैचों का आयोजन सिडनी में हुआ। एक क्रिकेटर के लिए इस प्रकार का अनुभव बहुत प्रेरणादायक और कुछ नया सीखने के लिए बड़ा मौका होता है।

उन्होंने बताया कि बाहरी क्रिकेटरों की समय की कीमत को पहचानना तथा अनुशासन वास्तव में अनुकरणीय रहा।

उन्होंने बताया कि इस टूअर में भारतीय दूतावास, एआईयू तथा आस्ट्रेलिया दूतावास द्वारा लंच, डिनर पर आयोजित सम्मान अविस्मरणीय रहा।

आर्यव्रत ने बताया कि अब वे अपनी फिटनेस की तरफ विशेष ध्यान दे रहे हैं तथा अगली रणजी की तैयारी है।
इसके बाद विश्वविद्यालय स्तर की विजी ट्राफी के लिए भी तैयार हैं। इस ट्राफी में जोन लेवल पर टीमों का गठन किया जाता है तथा यह एक प्रतिष्ठित टूर्नामेंट है।

वहीं आर्यव्रत शर्मा के पिता एसडीओ राजन शर्मा ने बताया कि यह देश, प्रदेश और जिला के लिए गौरव का विषय है कि बिलासपुर के लुहणू क्रिकेट मैदान से निकलकर आर्यव्रत ने सभी का नाम रोशन करते हुए नई पीढ़ी के लिए एक आशा की किरण दिखाई है।

राजन शर्मा ने कहा कि इसके लिए बिलासपुर क्रिकेट संघ के सचिव विशाल जगोता, कोच अनुजपाल दास, कृष्ण मोहन, शकुन सैणी तथा गुरप्रीत सिंह (चंडीगढ़) व स्पोर्टिंग स्टाफ का योगदान अहम है।

वहीं बिलासपुर के खेल प्रेमियों में भी आर्यव्रत शर्मा की इस उपलब्धि से खुशी की लहर है। सभी खेलप्रेमियों ने इस युवा क्रिकेटर के उज्जवल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!