Spread the love

कुल्लू टूडे

बंजार

जिला कुल्लू की बंजार विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुरेंद्र शौरी बीते दिन गुरुवार को ग्राम पंचायत शिकारीघाट और खाबल के एक दिवसीय दौरे पर रहे।

इस दौरान उन्होंने पनूला, बागी, खमारडा और सांधा गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से जाना।

तीनों पंचायतों के ग्रामीणों ने एकमत होकर क्षेत्र में महीनों से बंद पड़ी बस सेवाओं की बहाली की मांग उठाई और जर्जर सड़कों की दुर्दशा पर गहरा रोष व्यक्त किया।

ग्रामीणों ने बताया कि बस सेवाएं बंद होने से छात्रों, कर्मचारियों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन सरकार इस गंभीर समस्या पर आंखें मूंदे बैठी है।

इस अवसर पर विधायक सुरेंद्र शौरी ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने बंजार क्षेत्र की जनता के साथ खुला धोखा किया है।

उन्होंने कहा कि न तो सड़कों के सुधार की कोई ठोस योजना दिखाई दे रही है और न ही जनहित से जुड़ी बस सेवाओं को बहाल करने के लिए सरकार में कोई इच्छाशक्ति है।

शौरी ने कहा कि यह सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है और आम जनता को बदहाली व असुविधाओं के हवाले छोड़ दिया गया है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!