Spread the love

कुल्लू टुडे

चंबा

स्वच्छ हिमाचल अभियान -2021 के तहत उपायुक्त डीसी राणा ने चंबा नगर परिषद के सुल्तानपुर वार्ड से आज जिले में स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया।

इस दौरान अभियान के अंतर्गत की जाने वाली स्वच्छता गतिविधियों के तहत घटोला नाले में साफ-सफाई की गई और अपशिष्ट पदार्थों को निकाला गया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि यह अभियान जिले के सभी उपमंडलों में 9 अगस्त से 15 अगस्त तक चलाया जा रहा है। इसमें सभी विभागों सहित शहरी स्थानीय निकाय और पंचायती राज व स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से जिले में स्वच्छ हिमाचल अभियान का सफल कार्यान्वयन सुनिश्चित किया गया है।

सप्ताह के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों की जानकारी देते हुए उपायुक्त ने बताया जल स्त्रोतों की साफ सफाई, प्लास्टिक कचरे को इकट्ठा करके निष्पादित करना, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों, पर्यटन स्थलों, सड़क और वन क्षेत्रों के अलावा अपशिष्ट पदार्थों का पृथक्करण के प्रति लोगों में जागरूकता और स्थानीय निकाय और ग्राम पंचायतों द्वारा प्लास्टिक कचरे को खरीदने से संबंधित जागरूकता गतिविधियां भी इस अभियान का हिस्सा होंगी।

उन्होंने यह भी बताया कि इस अभियान के दौरान बेहतर कार्य करने वाले विभागों और संस्थानों के प्रतिनिधियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।

डीसी राणा ने लोगों से यह आह्वान भी किया कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए व्यर्थ पॉली पदार्थों को खुले में ना फेंके।

उन्होंने कहा कि चूंकि स्थानीय निकाय और पंचायत द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक को 75 रुपए प्रति किलो की दर से खरीदने का प्रावधान है। ऐसे में लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होना चाहिए।

डीसी राणा ने बताया कि नगर परिषद के करियां स्थित कचरा निष्पादन स्थल में बायो कम्पोस्ट यूनिट स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा लगभग 20 टन अप्रयुक्त प्लास्टिक कचरे को सीमेंट फैक्ट्रियों को भेजा गया है ।
इस दौरान स्थल पर पाये गए मेडिकल और अन्य व्यर्थ पदार्थों को लेकर उपायुक्त ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के स्थानीय अधिकारियों व नगर परिषद और पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर एसडीएम चंबा नवीन तंवर, पार्षद नगर परिषद सुलतानपुर वार्ड सीमा कुमारी, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद अक्षित गुप्ता, कनिष्ठ अभियंता नगर परिषद अनिल कुमार गौतम, सैनिटरी इंस्पेक्टर मनोज कुमार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!