कुल्लू टूडे
बिलासपुर, कश्मीर ठाकुर
डीएवी पब्लिक स्कूल झाबोला में आशा कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय पर एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का संचालन आशा फेसिलिटेटर अंजना कुमारी एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रतिनिधि मंजू कुमारी द्वारा किया गया।
इस दौरान विद्यालय में टीकाकरण अभियान भी सफलतापूर्वक आयोजित किया गया, जिसमें कक्षा पहली व पाँचवीं के विद्यार्थियों को डीपीटी–II तथा टीडी के टीके लगाए गए, जिससे बच्चों को विभिन्न रोगों से सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
टीकाकरण के पश्चात तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान से संबंधित बेसिक ऑडिट किया गया। ऑडिट के बाद डीएवी पब्लिक स्कूल, झाबोला को तंबाकू मुक्त परिसर घोषित किया गया।
साथ ही नशा मुक्त हिमाचल अभियान एवं भारत सरकार की चिट्टा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशा जागरूकता कार्यक्रम में 100 प्रतिशत सहभागिता के लिए विद्यालय को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
कार्यशाला के तृतीय चरण में विद्यार्थियों व शिक्षकों को व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया गया।
आशा कार्यकर्ता अंजना कुमारी ने एसयूएमएएनके के माध्यम से हाथ धोने के पाँच सही चरणों का सरल एवं प्रभावी प्रदर्शन किया, जिसका विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अभ्यास भी किया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रवि कुमार करवा ने डी.ए.वी. प्रबंधन की ओर से सभी संसाधन व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों से स्वच्छता अपनाने, स्वस्थ जीवनशैली जीने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
