Spread the love

कुल्लू टूडे

बिलासपुर, हेमराज शर्मा

मंदिर न्यास स्थापना दिवस महोत्सव के प्रथम चरण के अंतर्गत उपमंडल स्तर पर आयोजित शैक्षणिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का रविवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिताओं का शुभारंभ उपमंडलाधिकारी नैना देवी धर्मपाल ने किया।

इस अवसर पर खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एसडीएम धर्मपाल ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और खेल गतिविधियां अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ-साथ उज्ज्वल भविष्य की दिशा भी प्रशस्त करती हैं। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया।

एसडीएम धर्मपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर न्यास की स्थापना के 40 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 16 और 17 दिसंबर 2025 को श्री नैना देवी जी में मंदिर न्यास स्थापना दिवस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

महोत्सव के प्रथम चरण के अंतर्गत 14 दिसंबर को उपमंडल स्तर पर शैक्षणिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

जिनमें भाषण, श्लोक, विज्ञान प्रश्नोत्तरी और चित्रकला प्रतियोगिताओं के साथ-साथ खेलकूद के अंतर्गत टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, शतरंज, कबड्डी और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में उपमंडल स्तर के लगभग एक हजार स्कूली छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। इसके अतिरिक्त 17 दिसंबर को रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।

एसडीएम धर्मपाल ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से श्री नैना देवी उपमंडल की छुपी हुई ग्रामीण प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पहली बार इस तरह के आयोजन से क्षेत्र के लोगों और विशेष रूप से युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!