Spread the love

कुल्लू टूडे

बंजार

बंजार विधानसभा क्षेत्र से विधायक श्री सुरेंद्र शौरी आज सैंज घाटी की ग्राम पंचायत देवगढ़ गोही के आपदा प्रभावित पुखरी गांव के दौरे पर रहे।

प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे इस गांव में पूरी पहाड़ी दरक जाने से चार मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं तथा कई मकानों में गहरी दरारें आ चुकी हैं।

विधायक शौरी ने प्रभावित परिवारों से मिलकर उनका दुख दर्द साझा किया और राहत एवं पुनर्वास कार्यों का मौके पर जायजा लिया।

उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावितों को हर संभव सहायता पहुँचाना सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा इसे सुनिश्चित करने के लिए वे लगातार विधानसभा क्षेत्र में हर आपदा प्रभावित परिवार तक पहुँचार के लिए प्रयासरत हैं।

इस अवसर पर विधायक शौरी ने बताया कि प्राथमिक पाठशाला पुखरी का भवन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है।

इसे असुरक्षित घोषित कर, विद्यार्थियों की कक्षाओं के संचालन हेतु वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश उप-निदेशक प्राथमिक शिक्षा, कुल्लू को दिए गए हैं।

विधायक शौरी ने यह भी अवगत कराया कि गांव के लिए सड़क मार्ग पूरी तरह नष्ट हो गया है। अब क्षेत्र के लिए नई संभावनाओं की तलाश कर वैकल्पिक सड़क निर्माण करना अनिवार्य होगा।

उन्होंने दोहराया कि वे लगातार आपदा प्रभावितों के बीच बने हुए हैं और लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।

शौरी ने कहा कि हर प्रभावित तक राहत पहुँचेगी और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाई जाएगी।

Leave a Reply

error: Content is protected !!